ताजा खबर

बिना बारिश डूब गई कोलकाता! 72 इंच की मुख्य पाइपलाइन फटने से मचा हड़कंप, कई ट्रेनें रद्द

बिना किसी बारिश के कोलकाता के ताला इलाके में अचानक आए जलप्रलय से शहरवासियों का जीना मुहाल हो गया है। ताला ब्रिज के पास पेयजल की 72 इंच की विशाल मुख्य पाइपलाइन फटने से पूरा इलाका जलमग्न हो गया है। इस घटना से न केवल हजारों घरों में पानी का संकट गहरा गया है, बल्कि रेल सेवाओं पर भी इसका बहुत बुरा असर पड़ा है।

मामला ताला बारोवारी परिसर और बनमाली चटर्जी स्ट्रीट से सटे इलाके का है। सोमवार को अचानक रेलवे लाइन के नीचे गुजर रही 72 इंच की पेयजल पाइपलाइन में तेज धमाके के साथ भयानक दरार आ गई। देखते ही देखते हजारों गैलन पानी सड़कों और गलियों में बहने लगा। नगर निगम के वार्ड नंबर 8 और 9 पूरी तरह से जलमग्न हो गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और करंट फैलने के खतरे से बचने के लिए प्रशासन ने बनमाली सरकार स्ट्रीट इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत काट दी।

पाइपलाइन फटने का सबसे बड़ा असर लोकल ट्रेन सेवाओं पर पड़ा है। ताला ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पूरी तरह पानी में डूब गए, जिसके कारण चक्र रेल (सर्कुलर रेलवे) सेवा को बंद करना पड़ा। ताला से मांझेरहाट के बीच ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। मंगलवार को भी कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और कई ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाया जा रहा है। इससे दफ्तर और दैनिक काम पर निकलने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

कोलकाता नगर निगम अब इस संकट से उबरने के लिए युद्ध स्तर पर जुट गया है। सोमवार को ही नगर निगम प्रशासक स्मिता पांडे ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और जलभराव का जायजा लिया। उन्होंने नागरिकों को जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने का भरोसा दिया। आपको बता दें कि ताला टैंक की क्षमता प्रतिदिन 9 मिलियन गैलन पानी स्टोर करने की है। पलता से 6 बड़ी पाइपलाइनों के जरिए पानी ताला टैंक तक पहुंचता है, जिनमें से एक 72 इंच वाली मुख्य लाइन फट गई है।

पानी की सप्लाई को पूरी तरह ठप होने से बचाने के लिए नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। फटी हुई 72 इंच की पाइपलाइन को फिलहाल बंद किया जा रहा है। इसकी जगह ताला ब्रिज के पास मौजूद 12 इंच की सप्लाई लाइन से पानी को बाईपास करके शहर में जलापूर्ति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बाईपास लाइन चालू करने के बाद फटी हुई मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया जाएगा।

Back to top button