ताजा खबर

प्रतिद्वंद्वी को बैठाकर हॉल से निकले कार्लसन! बुडापेस्ट में बड़ा विवाद, चमके अर्जुन और प्रज्ञानानंद

बुडापेस्ट में आयोजित ‘टोटल चेस वर्ल्ड चैंपियनशिप टूर पायलट’ (Total Chess World Championship Tour Pilot) को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस पूरे मामले के केंद्र में दुनिया के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन (Magnus Carlsen) हैं। आरोप है कि नॉर्वे के इस ग्रैंडमास्टर ने लगातार दो दिन अपनी प्रतिद्वंद्वी बिबिसारा असौबायेवा को बोर्ड पर बैठाए रखा और फास्ट क्लासिक मुकाबला खेले बिना ही हॉल से बाहर चले गए। कार्लसन के इस कदम से शतरंज जगत में नाराजगी देखी जा रही है। इस विवाद के बीच भारत के दो प्रमुख खिलाड़ियों अर्जुन एरिगैसी और रमेशबाबू प्रज्ञानानंद ने अपने प्रदर्शन से ध्यान खींचा है।

कार्लसन पहले ही खिताब की दौड़ से बाहर हो चुके थे। 17वें से 20वें स्थान के मुकाबले में मंगलवार और बुधवार को ब्लिट्ज और रैपिड गेम्स में मजबूत बढ़त बनाने के बाद उन्होंने 8 अंकों का फास्ट क्लासिक मैच छोड़ दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने आर्बिटर को तो सूचित किया, लेकिन प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को इसकी जानकारी नहीं दी। पहले दिन 11.5-8.5 से जीतने के बाद दूसरे दिन 10-10 से ड्रॉ खेलकर कार्लसन ने अगले दौर में व्लादिस्लाव आर्तेमियेव के खिलाफ अपना मुकाबला पक्का कर लिया।

कार्लसन का कहना है कि जब मुकाबले का फैसला हो ही चुका है, तो बिना वजह का क्लासिकल गेम खेलने का कोई मतलब नहीं है। हालांकि आलोचकों का मानना है कि 2009 के बाद पहली बार 2800 एलो रेटिंग से नीचे खिसकने के डर से उन्होंने यह फैसला लिया। यदि फास्ट क्लासिक मुकाबला ड्रॉ होता या वह हारते, तो रेटिंग को नुकसान पहुंच सकता था।

इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हांस नीमन (Hans Niemann) ने आयोजकों पर पक्षपात का आरोप लगाया है। फिडे के सीईओ सलाहकार एमिल सुतोवस्की ने इसे गैर-खिलाड़ी भावना वाला व्यवहार बताया है। भारतीय ओलंपियाड कप्तान श्रीनाथ नारायणन ने तंज कसते हुए कहा कि रेटिंग से पहले ही मर्यादा और शिष्टाचार का पतन हो गया है। वहीं टोटल चेस के सीईओ केजेल मैडलैंड ने कहा कि मार्च 2027 में होने वाले मुख्य टूर्नामेंट से पहले इस पायलट आयोजन के अनुभवों के आधार पर नियमों की समीक्षा की जाएगी।

विवादों के बीच भारतीय खिलाड़ियों के लिए राहत की खबर रही। नौवें से 12वें स्थान के मुकाबले में जॉर्डन वैन फॉरेस्ट को आर्मागेडन टाईब्रेकर में अर्जुन एरिगैसी (Arjun Erigaisi) ने मात दी। पहले दिन 11.5-8.5 से जीतने के बाद दूसरे दिन अर्जुन 8-12 से हार गए थे। टाईब्रेकर में काले मोहरों से बेहतर स्थिति में होने के बावजूद फॉरेस्ट ने 34वीं चाल में गलती कर दी। नौवें स्थान के मुकाबले में अब अर्जुन का सामना हैक मार्टिरोसियन से होगा।

दूसरी ओर उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव को हराकर प्रज्ञानानंद (R Praggnanandhaa) ने 21वें स्थान के मुकाबले में जगह बनाई। पिछड़ने के बावजूद फास्ट क्लासिक जीतकर उन्होंने 11.5-8.5 से बाजी मारी। इस जीत के साथ प्रज्ञानानंद अपनी बहन आर वैशाली (R Vaishali) के खिलाफ खेलने से बच गए। अभिमन्यु मिश्रा के हाथों वैशाली की हार के बाद यदि प्रज्ञानानंद हारते, तो 23वें-24वें स्थान के लिए भाई-बहन आमने-सामने होते। प्रज्ञानानंद ने कहा कि जीतने की खुशी से ज्यादा बहन के खिलाफ न खेलने की राहत बड़ी है। वहीं फाइनल में अनीश गिरि और अलीरेजा फिरोजा आमने-सामने होंगे।

Back to top button