पूरी तरह बदलने जा रहा है आसनसोल स्टेशन! यात्रियों को मिलने वाली हैं कौन-सी बड़ी सुविधाएं?

यात्री सुविधाओं में सुधार और रेलवे स्टेशनों के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण पर भारतीय रेलवे विशेष ध्यान दे रहा है। इसी कड़ी में पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे ने आसनसोल स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे अमृत भारत स्टेशन स्कीम और गति शक्ति परियोजना के कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। उनके इस महत्वपूर्ण दौरे में पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक शैलेंद्र प्रताप सिंह, आसनसोल के मंडल रेल प्रबंधक यानी डीआरएम संग्रह मौर्य सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने आसनसोल स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, प्रवेश और निकास द्वार तथा यात्रियों के आवागमन वाले प्रमुख हिस्सों का प्रत्यक्ष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने यह परखा कि भीड़भाड़ के समय स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही कितनी सुगम है, वर्तमान में कौन-सी सुविधाएं उपलब्ध हैं और किन क्षेत्रों में और तेजी से सुधार की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत स्टेशन के सौंदर्यीकरण व आधुनिकीकरण और गति शक्ति परियोजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न बुनियादी ढांचागत विकास कार्यों की स्थिति की गहन समीक्षा की।
स्टेशन परिसर में निर्माण कार्य चलने के दौरान आम नागरिकों और दैनिक यात्रियों की सुरक्षा को गीतिका पांडे ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां भी निर्माण कार्य चल रहा है, उन सभी स्थानों को अनिवार्य रूप से हरे रंग की सुरक्षा जाली से घेरा जाए। निर्माण स्थलों के चारों ओर स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले चेतावनी बोर्ड और प्रवेश निषेध के संकेत लगाने को कहा गया है। इसके अलावा यात्रियों के आने-जाने के रास्ते को निर्माण क्षेत्र से पूरी तरह अलग रखने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही बैरिकेडिंग की मजबूती, उनके सही तरीके से लगाए जाने और लॉकिंग व्यवस्था की नियमित जांच करने के भी सख्त आदेश दिए गए हैं।
यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ निर्माण कार्य में जुटे श्रमिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी पूर्व रेलवे की जीएम ने कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्यस्थल पर प्रत्येक कर्मचारी द्वारा हेलमेट, सेफ्टी शूज, रिफ्लेक्टिव जैकेट, दस्ताने और आवश्यकतानुसार सेफ्टी हार्नेस के उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ाने को कहा गया है। विशेष रूप से ऊंचाई पर काम करने, बिजली से जुड़े कार्यों, भारी मशीनरी के संचालन और अन्य जोखिम भरे कामों के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया है। कर्मचारियों को सतर्क रखने के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी जागरूकता पोस्टर लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के समापन पर महाप्रबंधक ने रेलवे अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं के कार्यों पर नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा के भीतर सभी विकास कार्यों को पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो। पूर्व रेलवे की ओर से कहा गया है कि यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यात्रा और आधुनिक सेवाएं प्रदान करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। आसनसोल स्टेशन का यह कायाकल्प पूरा होने के बाद यात्रियों को एक बेहद आधुनिक और आरामदायक अनुभव मिलेगा।







