दिसंबर में लौटेंगी शेख हसीना? यूनुस के घर में आगजनी और २८ जिलों में हिंसा से दहला बांग्लादेश!

दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की घोषणा कर चुकीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर देश के कई हिस्सों में हिंसा और तनाव फैल गया है। इस माहौल के बीच अवामी लीग के सदस्यों को भी निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शेख हसीना के गृह क्षेत्र गोपालगंज में एक थाने और कई वाहनों में आग लगाए जाने की तस्वीरें दिखी हैं। भारत में मौजूदगी के बीच हसीना के संभावित लौटने को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है।
इसी बीच बांग्लादेश की पूर्व अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगाने की घटना सामने आई है। यह घटना बुधवार रात करीब ११:३० बजे चटगांव शहर के पांचलाइश इलाके में हुई। पांचलाइश थाने के प्रभारी अधिकारी मोजम्मेल हक के अनुसार, घर की निचली मंजिल के एक खाली कमरे में अज्ञात लोगों ने आग लगाई थी। नियमित गश्त के दौरान पुलिस ने लपटें देखीं और तुरंत आग बुझाने की कार्रवाई की। घटना के पीछे कौन लोग हैं और आग कैसे लगी, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
दूसरी ओर, अवामी लीग के पूर्व मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार तड़के करीब २:२० बजे ढाका के उत्तरा स्थित उनके आवास पर पुलिस ने अभियान चलाकर उन्हें हिरासत में लिया। हाल के दिनों में बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता काफी बढ़ गई है। विभिन्न इलाकों में कॉकटेल बम विस्फोट, वाहनों में आगजनी, सार्वजनिक व सरकारी संपत्तियों पर हमले और विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बीते १० दिनों में कम से कम २८ जिलों में बम धमाके और आगजनी की घटनाएं हुई हैं, जिनमें लोगों की जान गई है, कई घायल हुए हैं और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।
ढाका में १६ नवंबर को हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास लगातार दो कॉकटेल बम धमाकों में तीन राहगीर घायल हो गए थे। अगले दिन १७ नवंबर को संस्कृति मामलों के मंत्री नितई रॉय चौधरी के आवास के बाहर भी विस्फोट की सूचना मिली। इसके अलावा राजशाही में दिवंगत फिल्म निर्देशक ऋत्विक घटक के पैतृक घर के एक हिस्से को तोड़े जाने और पास खड़े एक बरगद के पेड़ को काटे जाने की जानकारी सामने आई है। गोपालगंज में बीएनपी के एक सांसद के घर में आग लगाने का आरोप है, जबकि तुंगीपाड़ा थाने में आगजनी के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए। फरीदपुर और पिरोजपुर में भी आगजनी की अलग घटनाओं में परिवहन कर्मियों की मौत हुई है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, १० नवंबर से अब तक ग्रामीण बैंक के कम से कम ३७ कार्यालयों में आग लगाने या कोशिश करने की घटनाएं सामने आई हैं, साथ ही कई बसें भी जलाई गई हैं। इस बीच न्यूनतम मासिक वेतन १२,५०० रुपये से बढ़ाकर ३०,००० रुपये करने की मांग को लेकर ढाका, गाजीपुर, सावर और आशुलिया में गारमेंट श्रमिक प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे सैकड़ों कारखानों का कामकाज प्रभावित हुआ है और अहम राजमार्ग बाधित हुए हैं। बैटरी चालित रिक्शा चालक भी लाइसेंस, परमिट और रिक्शा जब्ती रोकने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। बीएनपी के नेतृत्व वाली सरकार ने हालिया हिंसा में प्रतिबंधित अवामी लीग के समर्थकों के शामिल होने का आरोप लगाया है, जबकि हर हमले की सच्चाई जांच के दायरे में है।







