ताजा खबर

दीवाली के बाद जहरीली धुंध की गिरफ्त में उत्तर भारत! दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 99 भारत के, देखें सूची

दीवाली के पावन त्योहार के ठीक अगले दिन पूरा उत्तर भारत एक भयावह पर्यावरण संकट की चपेट में आ गया है। प्रतिबंधों के बावजूद रात भर चले आतिशबाजी के दौर और कृषि क्षेत्रों में पराली जलाए जाने से उठे जहरीले धुएं ने देश की आबोहवा को बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंचा दिया है। वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था ‘AQI.in’ द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों की वैश्विक सूची में से 99 शहर केवल भारत के हैं। पूरा उत्तर भारत सोमवार तड़के से ही घने और जहरीले स्मॉग की चादर में लिपटा हुआ नजर आ रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे जारी आधिकारिक बुलेटिन में यह बात सामने आई है कि पंजाब का बठिंडा इलाका 816 के रिकॉर्ड AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) के साथ दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। इस सूची में पंजाब का फरीदकोट 804 AQI के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके बाद हरियाणा का रेवाड़ी (696) तीसरे और राजस्थान का श्री गंगानगर (689) चौथे स्थान पर है। देश की राजधानी नई दिल्ली 635 के डरावने AQI के साथ पांचवें स्थान पर दर्ज की गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि दुनिया के शीर्ष 20 सबसे प्रदूषित शहरों में भारत के बाहर का अकेला शहर पाकिस्तान का लाहौर (466) है, जो 15वें स्थान पर मौजूद है।

AQI.in के मानकों के अनुसार, किसी भी क्षेत्र का AQI 100-200 के बीच होने पर उसे ‘खराब’, 201-300 के बीच ‘अस्वास्थ्यकर’, 301-400 के बीच ‘गंभीर’ और 400 से अधिक होने पर उसे ‘खतरनाक’ माना जाता है। इस पैमाने के आधार पर भारत के शीर्ष 20 शहरों में हवा का स्तर पूरी तरह से ‘खतरनाक’ श्रेणी में बना हुआ है। दीवाली की रात दिल्ली में सभी पाबंदियों को ताक पर रखकर जमकर पटाखे जलाए गए, जिससे रात 10 बजे ही दिल्ली का AQI 371 पहुंच गया था और आधी रात तक यह खतरनाक सीमा पार कर गया। सोमवार सुबह 6:51 बजे दिल्ली का AQI 776 दर्ज किया गया, जिसमें हवा में PM2.5 का स्तर 554 µg/m³ और PM10 का स्तर 708 µg/m³ पाया गया।

यद्यपि कोलकाता जैसे अन्य महानगर दुनिया के शीर्ष 20 प्रदूषित शहरों में सीधे शामिल नहीं हैं, लेकिन वहां भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वैश्विक सूची में 96वें स्थान पर मौजूद कोलकाता में सोमवार सुबह AQI 296 दर्ज किया गया, जहां PM2.5 का स्तर 125 µg/m³ रहा। चेन्नई में सोमवार सुबह AQI 254 (वैश्विक सूची में 111वां स्थान), हैदराबाद में 207 (128वां स्थान) दर्ज किया गया, जबकि मुंबई और बेंगलुरु दोनों शहरों में AQI 157 दर्ज किया गया, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

Back to top button