लाइफस्टाइल

प्रदूषण से होने वाली सूजन कैसे कम करें? जानें एंटी-ऑक्सीडेंट और ओमेगा-३ के स्रोत

मौजूदा समय में बढ़ते प्रदूषण के हालात से कैसे तालमेल बिठाया जाए, इसे लेकर चिंता बढ़ रही है। यह सेहत के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि मास्क पहनने या एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करने जैसे एहतियाती उपायों के साथ-साथ खानपान पर भी ध्यान देना बेहद जरूरी है।

आहार में ऐसे खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए जो प्रदूषण के हानिकारक प्रभावों से निपटने में मदद कर सकें। इनमें सबसे अहम एंटी-ऑक्सीडेंट और ओमेगा-३ फैटी एसिड से भरपूर भोजन है। एंटी-ऑक्सीडेंट में सूजन रोधी गुण होते हैं, जो फेफड़ों के ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में मदद करते हैं। साथ ही ये शरीर की सामान्य रोग प्रतिरोधक प्रणाली को मजबूत बनाते हैं, जिससे शरीर विभिन्न बीमारियों से अधिक प्रभावी ढंग से लड़ पाता है। वहीं ओमेगा-३ कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स के नुकसान से बचाकर सूजन कम करने में सहायक हो सकता है और हृदय को स्वस्थ रखने में भी मदद करता है।

एंटी-ऑक्सीडेंट युक्त खानपान के तहत खाना पकाने में सूरजमुखी, राइस ब्रान, कैनोला, मूंगफली या ऑलिव ऑयल का उपयोग करना फायदेमंद माना जाता है, जो फेफड़ों की कार्यक्षमता बेहतर करने में मदद कर सकता है। ब्लूबेरी और स्ट्रॉबेरी जैसे फलों में भरपूर एंटी-ऑक्सीडेंट विशेषकर एंथोसायनिन होते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। हल्दी में सूजन रोधी और एंटी-ऑक्सीडेंट दोनों गुण होते हैं, जो प्रदूषण से होने वाली सूजन कम करने में मदद करते हैं। रोजाना अधिक चाय या कॉफी के बजाय ग्रीन टी पीना भी अच्छा विकल्प है। इसके अलावा आंवला, अमरूद, नींबू, संतरा और शिमला मिर्च जैसे विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ तथा धनिया पत्ती, गाजर, टमाटर, लहसुन, मूली, ब्रोकली, पत्तागोभी और शलजम जैसी सब्जियां भी एंटी-ऑक्सीडेंट के अच्छे स्रोत हैं।

ओमेगा-३ फैटी एसिड के लिए सैल्मन, मैकेरल और सार्डिन जैसी वसायुक्त मछलियां आहार में शामिल की जा सकती हैं, जिनके सूजन रोधी गुण प्रदूषण से जुड़ी सूजन कम करने में मदद करते हैं। अलसी के बीज सलाद, स्मूदी या अन्य व्यंजनों में मिलाकर खाए जा सकते हैं, जबकि चिया सीड्स, अखरोट और सोयाबीन से भी ओमेगा-३ प्राप्त किया जा सकता है।

Back to top button