त्वचा की चमक के लिए बेसन-हल्दी स्क्रब! जानें फायदे और सही तरीका

त्वचा की देखभाल में बेसन और हल्दी से बना स्क्रब लंबे समय से एक जाना-माना घरेलू तरीका माना जाता है। यह मिश्रण त्वचा को साफ करने और उसकी प्राकृतिक चमक बढ़ाने में मदद करता है। हालांकि, इसे लगाने का सही तरीका न अपनाने या बार-बार इस्तेमाल करने से त्वचा रूखी हो सकती है। इसलिए त्वचा के लिए बेसन और हल्दी के स्क्रब के लाभ और इसके सही प्रयोग के बारे में जानना जरूरी है।
त्वचा की देखभाल के लिए बेसन और हल्दी का मेल काफी उपयोगी माना जाता है। हल्दी में मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण त्वचा के संक्रमण को कम करने और उसे आराम पहुंचाने में सहायक होते हैं। वहीं बेसन मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाकर चेहरा साफ करता है और त्वचा में स्वाभाविक निखार लाता है।
लेकिन लंबे समय तक या अधिक बार बेसन और हल्दी लगाने से त्वचा में रूखापन आ सकता है। इसलिए इसे लगाते समय कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। स्क्रब में थोड़ा दूध या क्रीम मिलाने से त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है। इससे रूखापन बढ़ने की आशंका कम होती है और त्वचा को पोषण भी मिलता है। जिन लोगों की त्वचा पहले से रूखी है, उन्हें इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
सही तरीके के तहत सुबह उठने के बाद सबसे पहले फेसवॉश से चेहरा अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद एक कटोरी में थोड़े बेसन के साथ एक चुटकी हल्दी मिलाएं। जरूरत के हिसाब से दूध या क्रीम डालकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे पर लगाकर थोड़ी देर रहने दें, लेकिन ध्यान रखें कि यह पूरी तरह सूख न जाए। मिश्रण के हल्का सूखने पर पानी से हल्के हाथों से मसाज करते हुए धो लें।
आयुर्वेद के अनुसार, हल्दी और बेसन का लेप पित्त को शांत करने में सहायक माना जाता है और मुंहासों व दाग-धब्बों को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा हल्दी के एंटीबैक्टीरियल गुण बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण को रोकने में भी भूमिका निभाते हैं। हालांकि, यदि मुंहासे या त्वचा की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, तो केवल घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने के बजाय त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।







