देश की खबरें

बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट अब मुफ्त! ३० सितंबर २०२७ तक बड़ी राहत

बच्चों के आधार कार्ड के बायोमेट्रिक अपडेट को लेकर अभिभावकों के लिए अहम जानकारी सामने आई है। यूआईडीएआई ने ५ से १७ वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा ३० सितंबर २०२७ तक निशुल्क उपलब्ध कराई है। इसके तहत स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां अभिभावक अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट मुफ्त में करवा सकेंगे।

उम्र बढ़ने के साथ बच्चों के फिंगरप्रिंट, आइरिस और चेहरे की बनावट में बदलाव आता है, इसलिए समय पर आधार अपडेट करना जरूरी है। ५ वर्ष और १५ वर्ष की आयु पूरी होने पर आधार में बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य होता है। इसे समय पर पूरा न करने पर आगे चलकर आधार प्रमाणीकरण में परेशानी हो सकती है।

आधार एक महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज है जो स्कूल-कॉलेज में दाखिले, परीक्षाओं और विभिन्न योजनाओं में काम आता है, लेकिन एक बार बनवा लेने के बाद प्रक्रिया पूरी नहीं होती। पांच साल से कम उम्र के बच्चों के फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन शुरुआत में नहीं लिए जाते; ५ वर्ष पूरे होने और फिर १५ वर्ष की उम्र में फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो दोबारा अपडेट करने होते हैं।

यह सुविधा ३० सितंबर २०२७ तक ५ से १७ वर्ष के बच्चों के लिए मुफ्त रहेगी। अभिभावक स्कूल कैंप के अलावा आधार सेवा केंद्र या अधिकृत केंद्र पर बच्चे को साथ ले जाकर यह अपडेट करा सकते हैं, जिसमें आधार संख्या वही रहती है।

Back to top button