एलियन जैसा दिखने वाला यह जीव कैसे बदल देता है मछली की जीभ? हैरान कर देगा सच

समुद्र की गहराई में होने वाली कई घटनाएं बेहद हैरान करने वाली होती हैं। ऐसा ही एक अजीबोगरीब जीव है साइमोथोआ एक्सिगुआ (Cymothoa exigua)। इसकी हरकतें जानकर कोई भी चौंक सकता है। यह जीव सीधे मछली के मुंह के अंदर घुस जाता है। उसके बाद मछली की असली जीभ को खा जाता है और खुद उसकी जगह जीभ बनकर बैठ जाता है। हालांकि तैराकों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। जो लोग समुद्र या नदी में तैरते हैं, उनके लिए कोई खतरा नहीं है। यह परजीवी केवल मछलियों को ही अपना निशाना बनाता है।
आम लोगों के बीच इसे जीभ खाने वाली जूं के नाम से जाना जाता है। इसकी लंबाई बहुत ज्यादा नहीं होती, बल्कि महज ०.३ से १.१ इंच के बीच होती है। लेकिन इसका रूप देखकर ऐसा लगता है मानो यह किसी दूसरे ग्रह से आया हो। इसका पूरा शरीर सख्त खोल से ढका होता है। साथ ही इसमें सात जोड़ी मजबूत पैर होते हैं। किसी चीज को कसकर पकड़ने और चीरने में ये पैर बेहद कारगर होते हैं। पूर्वी प्रशांत महासागर के गर्म पानी में यह अधिक पाया जाता है। खासतौर पर कैलिफोर्निया से लेकर इक्वाडोर के तटों के पास इसका बसेरा होता है।
कैसे मछली के मुंह पर कब्जा करता है यह जीव?
जीवन के शुरुआती दौर में यह स्वतंत्र रूप से पानी में तैरता रहता है। इस अवस्था को मानका कहा जाता है। उस समय इसका एक ही मकसद होता है कि ऐसी मछली ढूंढी जाए, जिसके मुंह में पूरी जिंदगी आराम से रहा जा सके। स्नैपर, ग्रांट और ड्रम्स किस्म की मछलियां इसे सबसे ज्यादा पसंद आती हैं। मनपसंद मछली मिलते ही यह उसके गलफड़ों के आसपास मंडराने लगता है। मौका मिलते ही गलफड़ों के रास्ते सीधे मुंह में प्रवेश कर जाता है।
मुंह में जाने के बाद असली खेल शुरू होता है। मछली खतरा भांपकर भागने की कोशिश भी करे तो भी बच नहीं पाती। सात जोड़ी मजबूत पैरों से यह परजीवी जीभ को जकड़ लेता है। इसके बाद जीभ में खून पहुंचाने वाली नलियों को काट देता है। खून की आपूर्ति रुक जाने से कुछ ही दिनों में मछली की असली जीभ सूखकर गिर जाती है। इसके बाद यह परजीवी जीभ के बचे हुए हिस्से से खुद को जोड़ लेता है। इस तरह यह मछली की नई जीभ बन जाता है। मछली भी इस नई जीभ को खून और लार पहुंचाती रहती है। उसी से पोषण लेकर यह जीव आराम से जिंदा रहता है। हैरानी की बात यह है कि ज्यादातर मछलियां इस नई जीभ के साथ तालमेल बैठाकर सामान्य रूप से जीवित रहती हैं।
क्या कहते हैं वैज्ञानिक?
प्रकृति की इस अनोखी चाल को लेकर वैज्ञानिकों में गहरी दिलचस्पी रही है। साल २०१२ में लिनियन सोसायटी के बायोलॉजिकल जर्नल में इस जीव को लेकर एक शोध पत्र प्रकाशित हुआ था। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके प्रजनन और जीवन चक्र के बारे में अभी और जानकारी जुटाई जानी बाकी है। दुनिया भर में इसकी लगभग १०० प्रजातियां मौजूद हैं, जिन्हें आठ वर्गों में बांटा गया है। इनमें साइमोथोआ और सेराटोथोआ सबसे ज्यादा जानी जाती हैं। हालांकि सेराटोथोआ काफी नुकसानदेह होती है, क्योंकि यह मछली के शरीर से पोषण खींच लेती है। साल २००५ में पहली बार ब्रिटेन में इस साइमोथोआ एक्सिगुआ परजीवी का पता चला था।







