लाइफस्टाइल

क्या पुरुषों को भी होता है ‘मेनोपॉज’? एंड्रोपॉज पर डॉक्टर की अहम जानकारी!

मेनोपॉज या रजोनिवृत्ति का नाम आते ही आमतौर पर महिलाओं का ध्यान आता है। लेकिन उम्र बढ़ने के साथ पुरुषों के शरीर में भी हार्मोनल बदलाव होते हैं और जिसे आम बोलचाल में पुरुषों का मेनोपॉज कहा जाता है, उसके बारे में कई लोगों को जानकारी नहीं होती। महिलाओं में माहवारी बंद होने की प्रक्रिया पर जहां व्यापक चर्चा होती है, वहीं पुरुषों में उम्र के साथ होने वाले हार्मोनल बदलाव अक्सर अनदेखे रह जाते हैं। एंड्रोपॉज पुरुषों में उम्र बढ़ने के साथ टेस्टोस्टेरोन हार्मोन के स्तर के धीरे-धीरे घटने की प्रक्रिया को दर्शाता है। हालांकि महिलाओं के मेनोपॉज की तुलना में यह अचानक या सभी के लिए एक जैसा नहीं होता और इसका असर हर व्यक्ति में अलग दिखता है। शारीरिक सेहत, यौन स्वास्थ्य और जीवनशैली की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इन बदलावों को समझना बेहद जरूरी है। इस बारे में आभा सर्जी सेंटर के संस्थापक और चीफ कंसल्टेंट डॉ. बानी कुमार मित्रा ने विस्तार से बताया है।

सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि 30 साल की उम्र के बाद हर साल बढ़ती उम्र के साथ पुरुषों के शरीर में टेस्टोस्टेरोन का स्राव धीरे-धीरे कम होने लगता है और एक समय पुरुषों के जीवन में भी एंड्रोपॉज आता है। 70 साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन बनाने की क्षमता लगभग 50 प्रतिशत तक घट सकती है। टेस्टोस्टेरोन पुरुषों का प्रमुख सेक्स हार्मोन है, जो मांसपेशियों की ताकत, हड्डियों का घनत्व, शुक्राणु उत्पादन, यौन क्षमता, ऊर्जा स्तर और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। आमतौर पर 30 से 40 साल की उम्र से इसका स्तर धीरे-धीरे कम होता है, पर इसकी गति हर व्यक्ति में अलग होती है। लगातार कम टेस्टोस्टेरोन और उससे जुड़े लक्षणों वाली स्थिति को लेट-ऑनसेट हाइपोगोनाडिज्म कहा जाता है।

महिलाओं में मेनोपॉज के दौरान हार्मोन में एक खास दौर का बदलाव आता है, जबकि पुरुषों में कई दशकों में धीरे-धीरे टेस्टोस्टेरोन घटता है। उम्र, मोटापा, डायबिटीज, पुरानी बीमारी, नींद की कमी, ज्यादा शराब और कुछ दवाएं इस कमी को प्रभावित कर सकती हैं। महिलाओं में मेनोपॉज आमतौर पर 45 से 55 साल के बीच होता है और एस्ट्रोजन व प्रोजेस्टेरोन घटने के साथ प्रजनन क्षमता के स्वाभाविक अंत को दिखाता है, जबकि पुरुषों में ऐसी कोई तय सीमा नहीं होती और उम्र के साथ प्रजनन क्षमता घटने के बावजूद शुक्राणु बन सकते हैं। महिलाओं में हॉट फ्लैश और रात में पसीना जैसे लक्षण दिखते हैं, जबकि पुरुषों में कामेच्छा में कमी, इरेक्शन की समस्या, थकान, चिड़चिड़ापन या मूड बदलाव, नींद की गड़बड़ी, मांसपेशियों में कमी और हड्डियों के कमजोर होने जैसे संकेत दिख सकते हैं।

संतुलित वजन, नियमित व्यायाम, प्रोटीन व पौष्टिक आहार, 7 से 9 घंटे की नींद, शराब-धूम्रपान से परहेज और तनाव प्रबंधन हार्मोनल सेहत के लिए मददगार हैं। लक्षण बने रहने पर सुबह के रक्त परीक्षण से टोटल टेस्टोस्टेरोन व अन्य जांच कराकर डॉक्टर की देखरेख में ही कदम उठाना चाहिए। टेस्टोस्टेरोन रिप्लेसमेंट थेरेपी बिना डॉक्टरी सलाह या सप्लीमेंट के तौर पर नहीं लेनी चाहिए और इससे शुक्राणु उत्पादन पर असर पड़ सकता है। जागरूकता और सही आदतों से स्वस्थ बुढ़ापा संभव है।

Back to top button