छात्रा को अश्लील संदेश और प्रस्ताव, सरकारी स्कूल का शिक्षक गिरफ्तार

कक्षा बारहवीं की छात्रा को लगातार परेशान करने और अश्लील संदेश भेजने के आरोप में मध्य प्रदेश के गुना से एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार शिक्षक का नाम नरेंद्र कुशवाहा बताया गया है और वह स्कूल में गणित पढ़ाते थे। पीड़िता द्वारा साझा किए गए व्हाट्सएप संदेश सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है।
छात्रा के अनुसार, अठारह से बीस नवंबर के बीच आरोपी शिक्षक ने उसे बार-बार परेशान किया और आपत्तिजनक मैसेज भेजे। उनमें शाम को मिलने का जिक्र करते हुए रात आठ बजे तक छोड़ देने जैसी बातें भी लिखी गई थीं।
पुलिस के साथ-साथ छात्रा ने स्कूल के प्राचार्य और जिला कलेक्टर से भी शिकायत दर्ज कराई है। उसका कहना है कि स्कूल में बाल दिवस के कार्यक्रम के दौरान सामान्य बातचीत के बाद शिक्षक का व्यवहार बदल गया और वह अपनी पसंद के कपड़े पहनने का दबाव डालने लगे।
छात्रा द्वारा दिए गए संदेशों में खुद को अलग बताते हुए ध्यान रखने की बात कही गई है तथा सुलाने से जुड़ी टिप्पणी भी शामिल है।
छात्रा का यह भी आरोप है कि आरोपी शिक्षक ने स्कूल की कंप्यूटर लैब में पर्दा लगाकर एक अलग हिस्सा बना लिया था और वहां आने के लिए दबाव डालते थे। इनकार करने पर धमकी दी जाती थी और बात न मानने पर अंक काटने का डर दिखाया जाता था।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम स्कूल पहुंची और शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह बात भी सामने आई है कि वह केवल इसी छात्रा को नहीं, बल्कि अन्य छात्राओं को भी अश्लील संदेश भेजते थे।







