ताजा खबर

‘मेरे पति बाथरूम में गिरकर मर गए!’ पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही खुली पत्नी की काली करतूत

बाथरूम में पैर फिसलकर गिरने और हार्ट अटैक से पति की मौत होने का झूठा नाटक रचकर एक बेरहम पत्नी ने अपने जघन्य अपराध को छिपाने की पूरी कोशिश की थी। उसे लगा था कि कानून की आंखों में धूल झोंककर वह आसानी से बच निकलेगी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की पैनी पूछताछ के आगे उसका यह पूरा ड्रामा बेनकाब हो गया। बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी इलाके में अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात की शुरुआत 12 अक्टूबर को हुई थी। बेट्टादासनापुरा मेन रोड स्थित दोद्दाथोगुरु के एक निवासी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई रात में बाथरूम जाते समय गलती से फिसलकर गिर गए और दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। शुरुआती शिकायत के आधार पर इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी थाना पुलिस ने एक असामान्य मौत (UDR) का मामला दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, जब मरणोपरांत जांच रिपोर्ट पुलिस के हाथों में आई, तो पूरा मामला उलट गया। रिपोर्ट में साफ लिखा था कि यह कोई प्राकृतिक या दुर्घटनावश हुई मौत नहीं है, बल्कि व्यक्ति की सांस दबाकर हत्या की गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का संकेत मिलते ही पुलिस ने मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान पत्नी के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और गतिविधियों के आधार पर 5 नवंबर को एक संदिग्ध व्यक्ति को थाने बुलाकर घंटों पूछताछ की गई। पुलिस के तीखे सवालों के आगे आरोपी टूट गया और उसने कबूल किया कि उसके मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। जब पति को इस गुप्त रिश्ते की भनक लगी, तो उसने दोनों को रंगे हाथों पकड़कर कड़ी चेतावनी दी थी। इसी बात से नाराज होकर रास्ते का कांटा हटाने के लिए पत्नी और प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

योजना के तहत 12 अक्टूबर की रात दोनों ने सोए हुए पति का मुंह और नाक दबाकर उसकी जीवन लीला समाप्त कर दी। इसके बाद मामले को हादसा साबित करने के लिए ससुराल वालों को झूठी कहानी सुनाई गई कि बाथरूम में गिरने से हार्ट अटैक आ गया। प्रेमी के इकबालिया बयान के बाद 6 नवंबर को पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया, जहां उसने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया। इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी डिवीजन के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस ठंडे दिमाग से रची गई साजिश में कोई और तो शामिल नहीं था।

Back to top button