ताजा खबर

दिवाली की रात खौफनाक वारदात! पटाखे जलाने के विवाद में पड़ोसी ने थार से कुचलकर पति-पत्नी को उतारा मौत के घाट

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दिवाली की पावन रात एक खौफनाक वारदात में तब्दील हो गई। पटाखों को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक पड़ोसी ने गुस्से में आकर दंपति को अपनी थार गाड़ी से बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पति और पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद देर रात ऊना जोनल अस्पताल में भारी हंगामा और तनाव फैल गया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना ऊना से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित बरोली गांव की है। दिवाली की रात एक परिवार अपने घर के बाहर पटाखे जला रहा था। इसी दौरान उनके पड़ोसी ने पटाखे फोड़ने का विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई और देखते ही देखते विवाद काफी बढ़ गया। इसके बाद गुस्से में आकर पड़ोसी ने अपनी थार गाड़ी निकाली और पटाखे जला रहे परिवार के लोगों पर चढ़ा दी। थार की चपेट में आने से पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए ऊना जोनल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। दंपति की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। देर रात ऊना अस्पताल परिसर में जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

दूसरी ओर, वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी पड़ोसी की भी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पीजीआई स्थानांतरित किया गया है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Back to top button