व्हाट्सएप वेब को लेकर केंद्र की कड़ी चेतावनी! लीक हो सकते हैं गोपनीय दस्तावेज

व्हाट्सएप वेब को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त निर्देश जारी किया है और चेताया है कि लापरवाही बरतने पर गोपनीय दस्तावेज लीक हो सकते हैं। सरकार ने व्हाट्सएप वेब के जरिए सरकारी या संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी है, खासकर पब्लिक कंप्यूटर के इस्तेमाल को लेकर आगाह किया है कि एक एक्टिव सेशन के जरिए साइबर अपराधी कई जानकारियां निकाल सकते हैं। जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित खुफिया कर्मी ५० से अधिक रक्षा से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुप्स में दाखिल हुए थे, जिससे केंद्र की चिंता बढ़ी है।
गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने यह निर्देश जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि व्हाट्सएप वेब सेशन से बड़ी मात्रा में गोपनीय दस्तावेज लीक किए जा सकते हैं। इसके अलावा सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने व्हाट्सएप वेब के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता ग्राफिक्स भी साझा किया है।
एडवाइजरी के अनुसार, व्हाट्सएप वेब पर आधिकारिक या संवेदनशील काम करने से बचना चाहिए। सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय और गोपनीय सूचनाओं का आदान-प्रदान संभव हो तो कंप्यूटर पर व्हाट्सएप वेब सेशन के माध्यम से नहीं किया जाना चाहिए। उपयोगकर्ताओं को स्थायी रूप से लॉग इन न रखने और हर सेशन के बाद लॉग आउट करने को कहा गया है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि केवल ब्राउजर विंडो या टैब बंद कर देना लॉग आउट नहीं माना जाता है।
जिन लोगों को व्हाट्सएप वेब का उपयोग करना ही पड़ता है, उनके लिए कई सुझाव दिए गए हैं। बेहद जरूरी होने पर प्राइवेट या इनकॉग्निटो ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, जबकि आधिकारिक और संवेदनशील माहौल में इसे केवल अतिरिक्त एहतियात माना जाए और कार्यालय के सिस्टम पर व्हाट्सएप वेब से बचने की सिफारिश की गई है। अनजान या पब्लिक कंप्यूटर का उपयोग न करना बेहतर बताया गया है। साथ ही खाते की असामान्य गतिविधियों पर नजर रखने और ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर व सुरक्षा सॉफ्टवेयर को अपडेट रखने की बात कही गई है। संदिग्ध डाउनलोड, अज्ञात फाइलों और क्रैक किए गए सॉफ्टवेयर से भी दूर रहने को कहा गया है।







