देश की खबरें

आईफोन और एंड्रॉयड की छुट्टी करने आ रहा है नया खिलाड़ी? अब खुद का स्मार्टफोन लाएगी ChatGPT बनाने वाली कंपनी!

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में क्रांति लाने के बाद अब चैटजीपीटी की निर्माता कंपनी ओपनएआई हार्डवेयर बाजार में भी कदम रखने की तैयारी कर रही है। तकनीकी गलियारों में इस बात की तेज चर्चा है कि सैम ऑल्टमैन की अगुवाई वाली यह कंपनी अपना खुद का स्मार्टफोन बाजार में उतारने की योजना बना रही है। इस संभावित डिवाइस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को केंद्र में रखा जाएगा। हालांकि ओपनएआई की ओर से अभी तक स्मार्टफोन निर्माण को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन चीन की कई प्रमुख मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के साथ दुनिया की दिग्गज हार्डवेयर निर्माता कंपनियां जुड़ने लगी हैं।

चीनी मीडिया आउटलेट सिक्योरिटीज टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ओपनएआई के स्मार्टफोन प्रोजेक्ट से जुड़ा बड़ा उत्पादन ठेका एफआईएच मोबाइल को मिला है। बताया जा रहा है कि यह कंपनी फोन की अंतिम असेंबली की जिम्मेदारी संभाल सकती है। गौरतलब है कि एफआईएच मोबाइल दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता कंपनी फॉक्सकॉन की ही एक सहयोगी इकाई है। हांगकांग स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध यह कंपनी कई वैश्विक टेक कंपनियों के लिए स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के डिजाइन, निर्माण और असेंबली का काम करती है।

दूसरी तरफ, कैलियन प्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ओपनएआई का पहला स्मार्टफोन साल २०२७ के अंत या २०२८ की शुरुआत में बाजार में दस्तक दे सकता है। रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि इस प्रोजेक्ट में लक्सशेयर प्रिसिजन, लिंगयी आईटेक और एएसी टेक्नोलॉजीज जैसी बड़ी सप्लाई चेन कंपनियां भी अहम भूमिका निभा सकती हैं।

इस संभावित स्मार्टफोन के हार्डवेयर और फीचर्स को लेकर भी कई दिलचस्प जानकारियां सामने आई हैं। हाल ही में जाने-माने टिपस्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया पर विश्लेषक मिंग-ची कुओ के हवाले से दावा किया है कि ओपनएआई के फोन में कस्टम मीडियाटेक डाइमेंसिटी ९६०० प्रोसेसर दिया जा सकता है। यह चिप अत्याधुनिक २ नैनोमीटर तकनीक पर आधारित हो सकती है। इसके साथ ही फोन में तेज रफ्तार वाली एलपीडीडीआर६ रैम और यूएफएस ५.० स्टोरेज मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

टिपस्टर के अनुसार, इस डिवाइस में दो एनपीयू यानी एआई प्रोसेसिंग इंजन एक साथ काम कर सकते हैं, जिससे फोन की एआई क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी। इसके अलावा बेहतर एचडीआर सेंसर और उन्नत इमेज सिग्नल प्रोसेसर भी इसमें शामिल हो सकता है। खास बात यह है कि इस फोन का कैमरा सिर्फ फोटो खींचने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वास्तविक समय में आसपास के वातावरण और वस्तुओं को पहचानने व समझने के लिए तैयार किया जा सकता है। यानी कैमरे के जरिए रियल-टाइम सेंसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। डेटा सुरक्षा के लिए इसमें पीकेवीएम और इनलाइन हैशिंग जैसी तकनीकें भी दी जा सकती हैं।

अगर ओपनएआई वास्तव में अपना स्मार्टफोन लॉन्च करता है, तो यह पारंपरिक स्मार्टफोन से काफी अलग अनुभव दे सकता है। यह पूरी तरह से एआई एजेंट चैटजीपीटी पर केंद्रित डिवाइस हो सकता है, जहां फोन के संचालन की मुख्य जिम्मेदारी चैटजीपीटी की प्रोग्रामिंग संभालेगी। एजेंटिक डिवाइस की अवधारणा के तहत एआई केवल सवालों के जवाब नहीं देगा, बल्कि यूजर के निर्देश को समझकर विभिन्न ऐप्स और सेवाओं के बीच खुद ही काम पूरा करेगा। इससे अलग-अलग ऐप्स खोलने का झंझट खत्म हो सकता है। फिलहाल आधिकारिक पुष्टि न होने के कारण ये सभी जानकारियां रिपोर्ट्स और कयासों पर ही आधारित हैं।

Back to top button