देश की खबरें

सिर्फ १ से २ रुपये में बर्ड फ्लू की वैक्सीन! पोल्ट्री किसानों के लिए केंद्र सरकार का बड़ा तोहफा

बर्ड फ्लू से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। देश में पहली बार H5N1 बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से वैक्सीन तैयार की गई है। सबसे खास बात यह है कि इसकी कीमत बेहद कम रखी गई है। महज १ से २ रुपये में इस वैक्सीन की एक डोज उपलब्ध होगी। माना जा रहा है कि इससे देश के छोटे और सीमांत पोल्ट्री कारोबारियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। लंबे समय से बर्ड फ्लू के संक्रमण के कारण देश के पोल्ट्री किसान भारी आर्थिक नुकसान झेल रहे थे। अब इसी नुकसान को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने यह बड़ी पहल की है।

भोपाल स्थित आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज यानी निहसाद ने इस वैक्सीन को विकसित किया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि बर्ड फ्लू के संक्रमण पर काबू पाने और पोल्ट्री सेक्टर में रोग प्रतिरोधक व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह वैक्सीन बनाई गई है। कीमत कम होने की वजह से अब हर स्तर के किसान आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।

यह वैक्सीन कितनी अहम है, इसका अंदाजा पुराने आंकड़ों से लगाया जा सकता है। साल २००६ से अब तक भारत में बर्ड फ्लू के ५०० से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इन संक्रमणों के चलते लाखों पक्षियों की मौत हुई है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लाखों अन्य पक्षियों को भी मारना पड़ा है। इसका सीधा असर पोल्ट्री कारोबारियों की कमाई पर पड़ा और उन्हें भारी आर्थिक घाटा उठाना पड़ा।

कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि साल २००६ में महाराष्ट्र के नवापुर में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। उस वक्त करीब १० लाख मुर्गियों की मौत हुई थी। इसके बाद साल २०२१ में भी हालात बिगड़े और करीब ९ लाख मुर्गियां मारी गईं। उन्होंने बताया कि चालू वर्ष में भी संक्रमण के कारण लगभग २ लाख मुर्गियों की मौत हो चुकी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बर्ड फ्लू केवल पक्षियों तक ही सीमित नहीं रहता। यह वायरस स्तनधारी जीवों को भी अपनी चपेट में ले सकता है। दुर्लभ मामलों में इसके इंसानों में फैलने का खतरा भी बना रहता है। इसलिए संक्रमण फैलने से पहले ही मजबूत बचाव व्यवस्था तैयार करना बेहद जरूरी है।

देश के पोल्ट्री उद्योग पर इस वैक्सीन का बड़ा सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है। भारत का पोल्ट्री सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था के सबसे महत्वपूर्ण हिस्सों में से एक है। कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, छोटे और सीमांत किसानों के लिए पशुपालन और पोल्ट्री व्यवसाय अतिरिक्त आय का एक बड़ा जरिया है। ऐसे में बर्ड फ्लू जैसी बीमारी से नुकसान होने पर सीधा असर उनकी आजीविका पर पड़ता है।

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण यानी एपीडा के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष २०२४-२५ में १४९.११ बिलियन अंडों के उत्पादन के साथ भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं वित्त वर्ष २०२५-२६ में देश से कुल २४.६ लाख टन पोल्ट्री उत्पादों का निर्यात हुआ, जिसकी कीमत ३१७.७९ मिलियन डॉलर रही। इतने बड़े उद्योग को सुरक्षित रखने में यह सस्ती स्वदेशी वैक्सीन अहम भूमिका निभा सकती है।

इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के लिए एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि भोपाल में करीब ३०० करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला बनाई जाएगी। इससे पशुओं की बीमारियों पर शोध, समय पर जांच और इलाज से जुड़ा बुनियादी ढांचा पहले से कहीं ज्यादा बेहतर हो सकेगा।

कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि अलग अलग पशु रोगों के कारण देश को हर साल भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। फुट एंड माउथ डिजीज से सालाना करीब २२ हजार करोड़ रुपये, लंपी स्किन डिजीज से २० हजार करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से ९,२१२ करोड़ रुपये और पेस्ट डेस पेटिट्स रूमिनेंट्स बीमारी से ४,६८३ करोड़ रुपये का नुकसान होता है। कुल मिलाकर इन बीमारियों की वजह से देश को हर साल लगभग ५६ हजार करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। नई प्रयोगशाला और स्वदेशी वैक्सीन इस बड़े नुकसान को रोकने में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Back to top button