सीढ़ी पर फिसलने से लेकर ब्रेकअप तक—क्या वाकई हर बुरा अनुभव होता है ‘ट्रमा’? जानिए पूरी सच्चाई

रोजमर्रा की जिंदगी में दोस्तों के ग्रुप से बाहर कर दिए जाने, नौकरी चले जाने, सीढ़ियों पर फिसल जाने या पार्टनर से अनबन होने जैसी घटनाओं को क्या आप ‘ट्रमा’ या मानसिक आघात कहेंगे? बच्चों को स्कूल से लाने में थोड़ी देर हो जाना या किसी मीटिंग में शर्मिंदा महसूस करना क्या ट्रॉमा की श्रेणी में आता है? इस सवाल पर लोगों की अलग-अलग राय हो सकती है। आज के दौर में बातचीत के दौरान ‘ट्रमा’ शब्द का इस्तेमाल इतनी बार होने लगा है कि इसका असली मतलब और गंभीरता कहीं खोती जा रही है। मेडिकल साइंस और मनोविज्ञान की दुनिया में ट्रमा की एक बहुत ही सख्त और स्पष्ट परिभाषा है, जो आम बोलचाल की भाषा से काफी अलग है।
मानसिक विकारों के निदान से जुड़े मैनुअल डीएसएम-5-टीआर के अनुसार, पोस्ट-ट्रमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) का निदान तभी किया जा सकता है जब व्यक्ति ने मौत, गंभीर शारीरिक चोट या यौन हिंसा जैसी डरावनी स्थितियों का वास्तविक अनुभव किया हो या उनके सामने आया हो। इसमें सीधे तौर पर घटना का शिकार होना, उसे देखना या किसी करीबी की हिंसक मौत की खबर मिलना शामिल है। मेडिकल मापदंडों के हिसाब से हर बुरी घटना या मानसिक कष्ट सीधे तौर पर PTSD या गंभीर ट्रॉमा नहीं बन जाता। हालांकि, मनोविज्ञान में ‘बिग टी’ और ‘लिटिल टी’ ट्रॉमा के जरिए इसे और विस्तार से समझाया जाता है। युद्ध के मैदान की तबाही या जानलेवा हादसे ‘बिग टी’ में आते हैं, जबकि बार-बार मिलने वाली उपेक्षा, सामाजिक तिरस्कार या मानसिक उत्पीड़न ‘लिटिल टी’ ट्रॉमा का हिस्सा हैं।
जिंदगी में हर दुख या निराशा मानसिक आघात नहीं होती। प्रियजनों से धोखा मिलना, नौकरी छूना या असफलता मिलना इंसानी जीवन का एक स्वाभाविक हिस्सा है, जिससे पार पाकर इंसान और मजबूत बनता है। हर बुरे अनुभव को ट्रॉमा का नाम दे देना उस शब्द की गंभीरता को कम कर देता है जो वास्तव में गंभीर मानसिक प्रताड़ना या हादसों से गुजरते हैं। किसी के दर्द को खारिज करना सही नहीं है, लेकिन रोजमर्रा की सामान्य परेशानियों और गहरे मानसिक आघात के बीच का फर्क समझना बहुत जरूरी है।
