क्या जादू-टोने से मिल सकता है सच्चा प्यार? जानिए कैसे बदल रहा है युवाओं का डेटिंग ट्रेंड

आज के डिजिटल युग में प्यार की तलाश का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब युवा केवल डेटिंग ऐप्स पर निर्भर रहने के बजाय अपनी पसंद के जीवनसाथी को पाने के लिए आध्यात्मिक और वैकल्पिक तरीकों का सहारा ले रहे हैं। अमेरिका स्थित डेटिंग न्यूज द्वारा किए गए एक हालिया सर्वे के मुताबिक, Gen-Z पीढ़ी के लगभग 64 प्रतिशत युवाओं ने अपने प्यार को पाने या बिगड़े रिश्ते को सुधारने के लिए जीवन में कम से कम एक बार मेनिफेस्टेशन, टैरो कार्ड या लव स्पेल जैसी विधाओं का इस्तेमाल किया है। आधुनिकता के इस दौर में प्राचीन मान्यताओं और जादू-टोने की तरफ युवाओं का यह बढ़ता रुझान एक बड़ा सामाजिक बदलाव बयां करता है।
सर्वे के आंकड़ों के अनुसार, युवाओं के बीच ‘मेनिफेस्टेशन’ या ‘स्क्रिप्टिंग’ सबसे लोकप्रिय तरीका बना हुआ है, जिसमें 29 प्रतिशत युवा अपनी पसंद के पार्टनर और भविष्य के रिश्तों को एक डायरी में लिखकर सकारात्मक ऊर्जा पैदा करते हैं। इसके अलावा 25 प्रतिशत ने किसी साइकिक से सलाह ली, 17 प्रतिशत टैरो कार्ड रीडर के पास गए और 16 प्रतिशत ने ज्योतिष शास्त्र पर भरोसा जताया। हैरान करने वाली बात यह है कि करीब 19 प्रतिशत युवाओं ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर ‘लव स्पेल’ यानी प्रेम मंत्रों और विशेष अनुष्ठानों पर पैसे भी खर्च किए हैं। आज के समय में रिश्तों में बढ़ती अनिश्चितता, मैसेज का जवाब न मिलने और ब्रेकअप के डर ने युवाओं को इन वैकल्पिक रास्तों की ओर धकेल दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जब इंसान को अपने प्रेम जीवन पर नियंत्रण छूटता हुआ महसूस होता है, तो ऐसे अनुष्ठान उसे मानसिक सांत्वना और ढांढस बंधाते हैं। हालांकि, कई युवा इन्हें कारगर भी मानते हैं, लेकिन मनोवैज्ञानिकों का साफ कहना है कि केवल कल्पना करने या जादू-टोने से किसी की भावनाएं नहीं बदली जा सकतीं। एक सफल और मजबूत रिश्ता हमेशा आपसी समझ, विश्वास, सम्मान और दोनों पक्षों की रजामंदी पर ही टिकता है।
