महज छह साल की उम्र में पीरियड्स! भारत में बच्चों के साथ यह क्यों हो रहा है?

महज छह साल की उम्र। जिस उम्र में बच्चों को गुड़ियों से खेलना चाहिए, उसी उम्र में शरीर में यौवन के लक्षण दिखाई देने लगें तो चिंता स्वाभाविक है। किसी बच्ची में स्तनों का विकास होने लगता है तो किसी को समय से पहले मासिक धर्म शुरू हो जाता है। बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टरों के एक वर्ग का मानना है कि हाल के समय में भारत में बच्चों के बीच समय से पहले यौवन आने का चलन बढ़ रहा है। खास तौर पर लड़कियों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है। सिर्फ शारीरिक बदलाव ही नहीं, इतनी कम उम्र में इस स्थिति का सामना करने से बच्चे मानसिक रूप से भी परेशान हो रहे हैं।
रिपोर्ट में एक उदाहरण सामने रखा गया है। पश्चिमी भारत के सतारा जिले की रहने वाली अर्चना (नाम बदला गया) ने अपनी छह साल की बेटी के शरीर में कुछ असामान्य बदलाव देखे। उम्र के हिसाब से उसकी शारीरिक बनावट तेजी से बदल रही थी और बच्ची में स्वभाव से अलग चिड़चिड़ापन व गुस्सा भी बढ़ गया था। घबराकर मां ने डॉक्टर से संपर्क किया।
ऐसा ही अनुभव दिल्ली की रहने वाली राशि का भी रहा। उनकी छह साल की बेटी का वजन बढ़कर 40 किलो हो गया था। शुरुआत में उन्होंने इस बात को बहुत गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन एक दिन बच्ची ने अचानक खून आने की बात बताई। डॉक्टर के पास ले जाने पर पता चला कि उसे मासिक धर्म शुरू हो गया है। इतनी कम उम्र में बेटी के शरीर में हुए इस बदलाव को राशि स्वीकार नहीं कर सकीं और उन्हें यह चिंता सताने लगी कि वह बच्ची को यह सब कैसे समझाएं।
डॉक्टरों की भाषा में तय उम्र से पहले बच्चों के शरीर में यौवन के लक्षण दिखने को समयपूर्व यौवन या प्रिकॉशियस प्यूबर्टी कहा जाता है। आमतौर पर लड़कियों में आठ साल और लड़कों में नौ साल से पहले यौवन के लक्षण दिखने पर इसे समय से पहले यौवन माना जाता है। इस दौरान बच्चों के शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं। लड़कियों में स्तनों का विकास, शरीर पर बालों का बढ़ना और मासिक धर्म शुरू हो सकता है। लड़कों में जननांगों का विकास और चेहरे पर दाढ़ी-मूंछ आने जैसे बदलाव दिख सकते हैं।
पुणे के मदरहुड अस्पताल के डॉक्टर सुशील गरुड़ के अनुसार, अर्चना की बेटी की जांच में यौवन के कई लक्षण मिले। बच्ची की शारीरिक बनावट ऐसी लग रही थी मानो वह 14 से 15 साल की किशोरी हो। उसके रक्त में हार्मोन का स्तर भी उम्र के मुकाबले काफी ज्यादा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टरों का कहना है कि समय से पहले यौवन आने के पीछे कोई एक तय वजह नहीं है। इसके लिए कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। संभावित कारणों में मोटापा, खाने में इस्तेमाल होने वाले प्रिजर्वेटिव या संरक्षक रसायन और पर्यावरण प्रदूषण शामिल हैं। डॉक्टर प्रशांत पाटिल के अनुसार, बच्चों में मोटापा समय से पहले यौवन की एक बड़ी वजह है। कोविड महामारी के दौरान बच्चों की शारीरिक सक्रियता घटने और वजन बढ़ने का असर भी देखा जा सकता है। ज्यादा मोबाइल फोन, टीवी या अन्य डिजिटल स्क्रीन के इस्तेमाल और व्यायाम की कमी को भी संभावित खतरे के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि स्क्रीन टाइम सीधे तौर पर समय से पहले यौवन लाता है, इसका कोई पक्का प्रमाण नहीं है, लेकिन जीवनशैली में बदलाव के जरिए इसका अप्रत्यक्ष असर पड़ सकता है।
सिर्फ कम उम्र में यौवन शुरू होना ही नहीं, बल्कि शारीरिक बदलाव और मासिक धर्म शुरू होने के बीच का समय भी कम हो रहा है। शिशु व हार्मोन रोग विशेषज्ञ वैशाखी रुस्तेगी ने बताया कि पहले लड़कियों में यौवन के शुरुआती लक्षण दिखने के 18 महीने से तीन साल बाद मासिक धर्म शुरू होता था। अब कई मामलों में बदलाव शुरू होने के महज तीन से चार महीने के भीतर ही मासिक धर्म शुरू हो जा रहा है। लड़कों में भी बदलाव दिख रहे हैं। पहले यौवन शुरू होने के कुछ साल बाद दाढ़ी-मूंछ आती थी, जबकि अब कई मामलों में एक से डेढ़ साल के भीतर ही ऐसे लक्षण दिखने लगे हैं।
समय से पहले यौवन का असर केवल शरीर तक सीमित नहीं है। डॉक्टरों के मुताबिक, इस उम्र में मासिक धर्म शुरू होने पर बच्चे के लिए इसे समझना और संभालना मुश्किल हो जाता है। जरूरी साफ-सफाई रखने या खुद की देखभाल करने जैसी मानसिक परिपक्वता भी कई बच्चों में नहीं होती। इसके अलावा शरीर की बनावट में असामान्य बदलाव के कारण बच्चे हमउम्र साथियों के तानों या बुलिंग का शिकार हो सकते हैं, जिसका असर उनके आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसलिए कम उम्र में शरीर में ऐसे कोई भी लक्षण दिखें तो लापरवाही न बरतते हुए तुरंत डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।







