बैंक जाए बिना WhatsApp पर देखें बैलेंस और मिनी स्टेटमेंट, जानें आसान तरीका

स्मार्टफोन में WhatsApp होने के बावजूद कई ग्राहकों को बैंक के छोटे-मोटे कामों के लिए शाखा जाना पड़ता है या खाते में मौजूद राशि जानने के लिए बार-बार YONO ऐप खोलना पड़ता है। भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई ने ग्राहकों की इस सुविधा को ध्यान में रखते हुए WhatsApp Banking की व्यवस्था दी है। इसके जरिए ग्राहक घर बैठे अपने खाते का बैलेंस, हालिया लेनदेन का विवरण और पेंशन स्लिप जैसी कई अहम जानकारियां हासिल कर सकते हैं। खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों या उन लोगों के लिए यह सेवा काफी उपयोगी है, जो कई मोबाइल ऐप चलाने में सहज महसूस नहीं करते हैं।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए किसी अलग ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। बैंक में दर्ज मोबाइल नंबर के माध्यम से WhatsApp पर ही इस सेवा को शुरू किया जा सकता है। एसबीआई WhatsApp बैंकिंग सक्रिय करने के लिए सबसे पहले पंजीकरण करना होता है। इसके तहत बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से WAREG लिखकर एक स्पेस दें और फिर अपना खाता नंबर लिखकर एसएमएस भेजना होता है। उदाहरण के लिए WAREG 12345678901 लिखकर निर्धारित नंबर पर भेजा जाता है। एसएमएस भेजने के कुछ ही समय में नंबर WhatsApp बैंकिंग के लिए पंजीकृत हो जाता है।
पंजीकरण के बाद फोन में +91 9022690226 नंबर को SBI WhatsApp के नाम से सेव करें, WhatsApp खोलें और उस नंबर पर Hi लिखकर भेजें। पंजीकरण सफल होने पर बैंक की ओर से एक पुष्टिकरण संदेश मिलता है और उसके बाद सेवा का उपयोग शुरू किया जा सकता है। पंजीकरण के बाद उस नंबर पर Hi भेजने पर एक विकल्प सूची यानी मेनू सामने आता है। वहां से 1 लिखकर भेजने पर खाते का मौजूदा बैलेंस पता चलता है, जबकि 2 लिखकर भेजने पर आखिरी पांच लेनदेन का ब्योरा यानी मिनी स्टेटमेंट देखा जा सकता है।
केवल बैलेंस या मिनी स्टेटमेंट ही नहीं, इस सेवा में और भी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। पेंशनभोगी चाहें तो अपनी पेंशन स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा होम लोन या एजुकेशन लोन की मौजूदा स्थिति और ब्याज दरों से जुड़ी जानकारी भी मिल जाती है। नजदीकी एसबीआई एटीएम या शाखा कहां स्थित है, इसका पता भी इसी WhatsApp चैट के जरिए लगाया जा सकता है। इससे सामान्य कामकाज और जानकारी के लिए बैंक की शाखा में जाकर लाइन में लगने की परेशानी कम होती है।
हालांकि, इस सेवा का इस्तेमाल करते समय सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है। भारतीय स्टेट बैंक कभी भी WhatsApp पर ग्राहकों से ओटीपी, पिन या पासवर्ड नहीं मांगता है। यदि कोई व्यक्ति या संदेश एसबीआई के नाम पर ऐसी गोपनीय जानकारी मांगता है, तो उसे धोखाधड़ी का प्रयास समझना चाहिए। साथ ही यह सेवा केवल बैंक में पंजीकृत मोबाइल नंबर से ही काम करती है, इसलिए प्रक्रिया भी उसी नंबर से पूरी करनी होती है।







