देश की खबरें

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश, ‘विरोध पक्ष’ से ‘अवरोध पक्ष’ बनने पर कसा तंज!

भारत के संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान को नमन करते हुए एक विशेष पोस्ट साझा किया है। अपने लेख की प्रमुख बातों का जिक्र करते हुए उन्होंने संविधान और संविधान सभा की अनूठी विशेषता को रेखांकित किया है। साथ ही उन्होंने बताया है कि भारतीय संविधान किस तरह उनके जीवन सफर का एक अभिन्न हिस्सा रहा है और एनडीए सरकार ने संविधान को कैसे सशक्त किया है।

अपने संदेश में मोदी ने सामाजिक और आर्थिक न्याय को बढ़ावा देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पांच दशकों तक देश पर शासन किया, उनके द्वारा संविधान को किस प्रकार रौंदा गया, इसका जिक्र भी उन्होंने किया है। इसके अलावा उन्होंने यह भी लिखा है कि एक दल कैसे विरोध पक्ष से बदलकर अवरोध पक्ष बन गया है।

प्रधानमंत्री के अनुसार, भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में, जहां अनेक मान्यताएं, भाषाएं, परंपराएं और विचारधाराएं मौजूद हैं, वहां संविधान की गूंज संसद और अदालतों की सीमाओं से आगे बढ़कर समाज के हर हिस्से तक पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं की सामूहिक चेतना के साथ इसके जुड़ाव को गहरा करना और भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी एकता की भावना को मजबूत करना रहा है। इसी उद्देश्य से एक दशक से अधिक समय पहले २६ नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया था।

अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए मोदी ने कहा कि उनके जैसे करोड़ों भारतीयों के लिए भारत का संविधान जीवन जीने के तरीके का अभिन्न अंग है। जब वे अपने बचपन, साधारण परिस्थितियों में हुई परवरिश और रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बने संघर्षों को याद करते हैं, तो संविधान के प्रति गहरी कृतज्ञता से उनका मन भर उठता है।

Back to top button