देश की खबरें

16 साल का लंबा इंतजार खत्म! सिलीगुड़ी के फांसीदेवा में बनेगा रवींद्र भारती विश्वविद्यालय का दूसरा कैंपस, साथ मिलेगा बड़ा तोहफा

उत्तर बंगाल के छात्रों और कला प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। आखिरकार 16 साल के लंबे इंतजार के बाद सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा स्थित लिंबुटारी में रवींद्र भारती विश्वविद्यालय के दूसरे कैंपस के निर्माण की उम्मीद जग गई है। साल 2010 में तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार के कार्यकाल के दौरान इस कैंपस का शिलान्यास किया गया था। हालांकि, बाद में राज्य में सत्ता परिवर्तन होने के बावजूद यह महत्वाकांक्षी परियोजना ठंडे बस्ते में पड़ी रही और निर्माण कार्य एक इंच भी आगे नहीं बढ़ सका। अब राज्य में नई सरकार के गठन के साथ ही इस अधूरे सपने को साकार करने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को राज्य विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बोस ने प्रशासनिक अधिकारियों के एक उच्चस्तरीय दल के साथ प्रस्तावित कैंपस की जमीन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।

जानकारी के अनुसार, साल 2010 में वाम सरकार ने फांसीदेवा के लिंबुटारी इलाके में लगभग 70 एकड़ जमीन पर रवींद्र भारती विश्वविद्यालय का दूसरा कैंपस स्थापित करने की नींव रखी थी। लेकिन सरकार बदलने के बाद इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। हाल ही में सिलीगुड़ी में भाजपा के जिला अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस कैंपस को जल्द शुरू करने की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस के समक्ष भी उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पीकर ने तुरंत पहल की और विश्वविद्यालय के कुलपति से इस संबंध में बातचीत की।

शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लिंबुटारी पहुंचे और प्रस्तावित स्थल का जायजा लिया। हालांकि इस निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक वहां मौजूद नहीं थे, लेकिन स्पीकर ने स्पष्ट कर दिया कि काम में अब कोई देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कैंपस निर्माण की प्रक्रिया को गति देने के लिए तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए रथींद्र बोस ने उत्तर बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल में कला और संस्कृति की अपार संभावनाएं हैं। फांसीदेवा में विश्वविद्यालय का दूसरा कैंपस बन जाने से यहां के विद्यार्थियों को ललित कला, संगीत और वाद्य यंत्रों की उच्च शिक्षा अपने ही क्षेत्र में मिल सकेगी। इसके लिए उन्हें अब कोलकाता जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार इस कैंपस के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

विधानसभा अध्यक्ष ने आगे कहा कि उत्तर बंगाल को लंबे समय से उपेक्षित और वंचित रखा गया है, लेकिन नई सरकार इस सोच को बदलने का काम कर रही है। दूसरे कैंपस की यह पहल इसी बदलाव का प्रमाण है। कुलपति के साथ हुई बातचीत काफी सकारात्मक रही है और जल्द ही जमीनी स्तर पर काम शुरू होने की उम्मीद है। इसके अलावा, स्पीकर ने खेल प्रेमियों के लिए भी एक बड़ी योजना का संकेत दिया। उन्होंने बताया कि कैंपस के साथ-साथ वहां बंगाल क्रिकेट संघ से मान्यता प्राप्त एक स्टेडियम बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। यदि यह परियोजना पूरी होती है, तो यह उत्तर बंगाल के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

Back to top button