84 की उम्र में अमिताभ बच्चन ने कर दिया ऐसा काम, फैंस के बीच मच गया हड़कंप; जानिए क्या है पूरा मामला

उम्र के इस पड़ाव पर भी महानायक अमिताभ बच्चन का क्रेज कम होने का नाम नहीं लेता है। हर रविवार को उनके घर ‘जलसा’ के बाहर फैंस का हुजूम उमड़ पड़ता है। लेकिन इस रविवार कुछ ऐसा हुआ जिसने सबको हैरान कर दिया। पिछले कुछ हफ्तों से सुरक्षा कारणों से वे कांच की दीवार के पीछे से फैंस का अभिवादन करते थे, लेकिन इस बार उन्होंने बिना किसी कांच की दीवार के सीधे फैंस से मुलाकात की। इस बीच अमिताभ बच्चन ने अपने फैंस से एक ऐसी बात को लेकर माफी मांगी है, जिसे जानकर हर कोई हैरान रह गया।
दिवाली के पावन अवसर पर देश-विदेश से उनके पास ढेरों उपहार और शुभकामनाएं भेजी गई थीं। बिग बी के अनुसार, उनके पास इतने सारे उपहारों को ठीक से रखने के लिए जगह भी कम पड़ रही है। उनका मानना है कि किसी के भेजे गए तोहफे की अनदेखी करना या उसे संभालकर न रखना भेजने वाले का अपमान करने जैसा है। इसलिए उन्होंने तय किया था कि वे अपने सभी चाहनेवालों को अपने हाथ से पत्र लिखकर धन्यवाद देंगे। लेकिन चाहकर भी वे ऐसा नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि उनके हाथ में गंभीर दर्द है। इस शारीरिक तकलीफ के कारण वे लंबे समय तक पेन पकड़कर लिख पाने में असमर्थ हैं।
अपने फैंस को समय पर पत्र न लिख पाने के कारण महानायक ने अपने आधिकारिक ब्लॉग पर खुलकर माफी मांगी है। उन्होंने लिखा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि उन्हें बार-बार माफी मांगनी पड़ रही है। अमिताभ के अनुसार, गलती होने या काम में देरी होने पर माफी मांगना कमजोरी नहीं बल्कि समझदारी की निशानी है। उन्होंने बहुत ही सुंदर शब्दों में लिखा है, “माफी मांगने से मन को शांति मिलती है। सामने वाला समझ जाए तो मन प्रसन्न हो जाता है, और अगर न समझे तो उसी के मन में कचोट बनी रहती है।” इन बातों से उन्होंने साफ कर दिया कि झुकने या माफी मांगने से इंसान छोटा नहीं होता, बल्कि उसका दिल बड़ा हो जाता है।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें सख्त आराम करने की सलाह दी थी। यहाँ तक कि उन्हें सोशल मीडिया से भी दूरी बनाने के लिए कहा गया था। इसी बीच पिछले शुक्रवार को उनके बंगले ‘जलसा’ समेत मुंबई की कई अन्य जगहों पर बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल आया था। हालांकि, बाद में पुलिस की गहन जांच में यह बात सामने आई कि वह धमकी पूरी तरह से फर्जी और अफवाह मात्र थी।
इसके बावजूद, बम की धमकी के बाद जहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी होनी चाहिए थी, वहीं रविवार को अमिताभ बच्चन अपने पुराने और बेबाक अंदाज में नजर आए। कई लोगों का मानना था कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वे इस बार भी कांच के पीछे से ही हाथ हिलाएंगे। लेकिन सभी अटकलों को दरकिनार करते हुए उन्होंने बिना किसी कांच की आड़ के सीधे फैंस के सामने आकर सबको चौंका दिया। इससे एक बार फिर साबित हो गया कि अपने चाहनेवालों के प्रति उनके प्यार और जुड़ाव के आगे किसी भी प्रकार का डर या अफवाह टिक नहीं सकती।







