देश की खबरें

२०२७ में भारत आएंगे विनफास्ट के ३ नए इलेक्ट्रिक स्कूटर, बजाज चेतक और टीवीएस आईक्यूब को मिलेगी कड़ी टक्कर!

वियतनाम की प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी विनफास्ट २०२७ तक भारतीय बाजार के लिए तीन नए इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश करने की तैयारी कर रही है। ये स्कूटर कंपनी के वियतनाम में मौजूद मॉडलों पर आधारित होंगे, लेकिन भारत की सड़कों और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इनमें कई अहम बदलाव किए जाएंगे। एंट्री सेगमेंट के लिए इवो, फैमिली स्कूटर के रूप में क्यो और दमदार परफॉर्मेंस के लिए काइनेट के जरिए कंपनी बाजार में मजबूत पकड़ बनाना चाहती है। देशभर में डीलरशिप और चार्जिंग नेटवर्क खड़ा करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

ये स्कूटर केवल नाम बदलकर भारत में नहीं उतारे जाएंगे। भारतीय सड़कों की चुनौतियों को देखते हुए कंपनी इनके चेसिस, ग्राउंड क्लीयरेंस और अंडरसीट स्टोरेज में महत्वपूर्ण बदलाव करेगी। इसके अलावा भारत में इन मॉडलों के नाम भी अलग रखे जा सकते हैं। हालांकि भारत के लिए अंतिम कीमतों और फीचर्स की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन वियतनामी संस्करणों के स्पेसिफिकेशंस काफी आकर्षक माने जा रहे हैं।

पहला मॉडल विनफास्ट इवो पर आधारित स्कूटर भारत में कंपनी का सबसे किफायती विकल्प बन सकता है। वियतनामी मॉडल में ३ बीएचपी क्षमता की हब-माउंटेड मोटर दी गई है और इसकी अधिकतम गति ७० किमी प्रति घंटा है। इसमें १.५ किलोवाट आवर की एलएफपी बैटरी के साथ एक अतिरिक्त बैटरी लगाने का विकल्प भी मिलता है। दोनों बैटरियों के साथ फुल चार्ज पर १६५ किमी तक की रेंज मिलने का दावा किया गया है। इसमें फ्रंट डिस्क ब्रेक, १२ इंच के पहिये, एलसीडी डिस्प्ले और १२ लीटर स्टोरेज स्पेस शामिल है।

दूसरा मॉडल विनफास्ट क्यो मिड-रेंज सेगमेंट में फैमिली स्कूटर के तौर पर लाया जाएगा। ४ बीएचपी मोटर और ७० किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड वाले इस मॉडल में भी डबल बैटरी का विकल्प मौजूद है। दो बैटरियों के साथ इसकी रेंज १६० किमी तक बताई गई है। इसमें १४ इंच के पहिये, ब्लूटूथ टीएफटी डिस्प्ले, स्मार्ट की और हिल-होल्ड फीचर जैसी सुविधाएं मिलती हैं। रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए इसमें २१ लीटर का बूट स्पेस दिया गया है।

जो ग्राहक ज्यादा रफ्तार और बेहतर परफॉर्मेंस चाहते हैं, उनके लिए विनफास्ट काइनेट पर आधारित प्रीमियम मॉडल आएगा। ७ बीएचपी मोटर और दो एलएफपी बैटरियों के साथ यह स्कूटर ९० किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है। ० से ५० किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने में इसे छह सेकंड से भी कम समय लगता है। फुल चार्ज पर यह १४५ किमी की रेंज देता है। इसमें १४ इंच के पहिये, टीएफटी डिस्प्ले और २२ लीटर स्टोरेज मिलता है, जबकि सामान्य चार्जर से इसे फुल चार्ज होने में लगभग नौ घंटे लगते हैं।

भारत के लिए विशेष रूप से ग्राउंड क्लीयरेंस और बूट स्पेस बढ़ाया जाएगा तथा मोटर व बैटरी में भी जरूरी बदलाव किए जा सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि विनफास्ट इन स्कूटरों का स्थानीय स्तर पर भारत में ही निर्माण करने की योजना बना रही है। २०२७ में लॉन्च के लक्ष्य के साथ कंपनी ने १५ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ३४ शहरों में डीलरों के साथ समझौते भी कर लिए हैं। बाजार में आने के बाद यह लाइनअप टीवीएस आईक्यूब, बजाज चेतक और एथर रिज्टा जैसे स्कूटरों को कड़ी टक्कर देगा।

Back to top button