ताजा खबर

1.02 करोड़ की रेड या पुलिस की ‘कमजोर स्क्रिप्ट’? डायमंड हार्बर कैश कांड पर बीजेपी का प्रचंड हमला!

पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यालय से 1 करोड़ 2 लाख 79 हजार रुपये की बड़ी नकदी बरामदगी मामले में राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस पूरी घटना को तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने पुलिस की रची हुई ‘कमजोर पटकथा’ करार देते हुए कई अहम सबूत मीडिया के सामने पेश किए थे। हालांकि, अभिषेक बनर्जी के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शामिक भट्टाचार्य ने बेहद तीखा हमला बोला है और पूरी टीएमसी को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

अभिषेक बनर्जी के बयानों पर पलटवार करते हुए शामिक भट्टाचार्य ने कहा, “सेवाश्रम क्या था? पूरे डायमंड हार्बर के तृणमूल नेताओं को सलाखों के पीछे होना चाहिए। बेकसूर लोगों की हत्या और 2019 के चुनावों में काउंटिंग सेंटर के भीतर प्रत्याशी की पीट-पीटकर हत्या करने जैसे अपराध टीएमसी की ही देन हैं। कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा, वक्त आने पर सभी अपराधियों को पाताल से भी ढूंढकर बाहर निकाला जाएगा और सजा दी जाएगी।”

इससे पहले, कालीघाट में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया था कि 31 तारीख को हिरासत में लिए गए उनके सहायक सुमित रॉय को मोहरा बनाकर पुलिस ने झूठी कहानी गढ़ी है। अभिषेक ने रिसीविंग कॉपी दिखाते हुए कहा, “22 मई को ही ईमेल के जरिए डायमंड हार्बर थाने के प्रभारी को पत्र भेजकर सूचित कर दिया गया था कि 21 मई को वह पार्टी कार्यालय उसके मूल मालिक को सौंपा जा चुका है। इसके बावजूद 22 मई की मध्यरात्रि को बीजेपी के लोगों ने वहां तोड़फोड़ की।”

अभिषेक बनर्जी ने पुलिस पर बेहद संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि 4 तारीख की रात 1 से 3 बजे के बीच डायमंड हार्बर के आईसी की काली रंग की XUV300 गाड़ी से कैश से भरा बैग लाकर उस दफ्तर में रखा गया था। उन्होंने कहा, “मेरे पास इस पूरी घटना का वीडियो फुटेज मौजूद है। पुलिस मुझ पर केस दर्ज करे, मैं अदालत में सारे सबूत जमा करूंगा। डायमंड हार्बर के एसपी के इशारे पर यह साजिश रची गई है।” उन्होंने इस मामले को लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।

Back to top button