‘सारे गुंडे बंगाल छोड़कर भाग जाएं!’ कांस्टेबल को गोली मारने वाला बदमाश 48 घंटे में ढेर, सीएम ने दी अपराधियों को सीधी चेतावनी

पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कांस्टेबल को गोली मारने की घटना के महज दो दिन बाद मुख्य आरोपी रतन शेख पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है। रविवार को बीरभूम जिले के नानूर इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में इस कुख्यात अपराधी के ढेर होने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपराधियों को बेहद कड़ा और दो-टूक संदेश दिया है। राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को स्पष्ट करते हुए उन्होंने साफ कहा है कि यदि कोई पुलिस पर गोली चलाएगा, तो पुलिस हाथ पर हाथ धरकर नहीं बैठेगी, बल्कि आत्मरक्षा में जो जरूरी होगा वही कदम उठाएगी।पूरे मामले की शुरुआत बीते शुक्रवार की शाम को हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर शांतिनिकेतन थाना अंतर्गत लायकबाजार इलाके में कुख्यात अपराधी रतन शेख को पकड़ने के लिए सादे कपड़ों में तीन पुलिसकर्मी पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस की भनक लगते ही रतन ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में कांस्टेबल बिस्वजीत दास गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोली उनके बाएं पैर में घुटने के ऊपर लगी थी। लहूलुहान हालत में उन्हें पहले बोलपुर और फिर बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल रेफर किया गया है।इस घटना के बाद शनिवार रात को ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाकर घायल कांस्टेबल से मिले थे। वहीं से उन्होंने चेतावनी दी थी कि पुलिसकर्मी का खून बेकार नहीं जाएगा और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी हैरानी जताई थी कि 36 आपराधिक मामले दर्ज होने के बावजूद रतन शेख को जमानत कैसे मिल गई।मुख्यमंत्री की इस चेतावनी के 24 घंटे बीतने से पहले ही रविवार दोपहर को पुलिस ने पूर्व बर्दवान के नवाबहाट इलाके से रतन शेख को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान रतन ने नानूर के एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में अवैध हथियार छिपाकर रखने की बात कबूली थी। शाम को जब पुलिस उसे लेकर हथियार बरामद करने वहां पहुंची, तो रतन ने छिपाया हुआ हथियार निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसकी गोली पुलिस की गाड़ी में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रतन को गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को कोलकाता में छठ पूजा के एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस एनकाउंटर पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “अगर कोई पुलिस पर गोली चलाने आएगा, तो क्या पुलिस उसे बताशा खिलाएगी? पुलिस को मौके पर जो करना चाहिए था, वही किया है। अपराधियों से निपटने के लिए पुलिस को पूरी छूट दी गई है।” राज्य के असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए सीएम ने कहा कि बंगाल में बलात्कारियों, हत्यारों और गुंडों के लिए कोई जगह नहीं है। जिनके पास अवैध हथियार हैं, वे तुरंत राज्य छोड़कर भाग जाएं, वरना यहां रहने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद बीते छह महीनों में यह पांचवां पुलिस एनकाउंटर है।







