तेज बारिश में भटक गया था प्यारा पालतू डॉग, डिलीवरी बॉय ने रात भर रखा अपने पास! सुबह जो किया, जानकर हो जाएंगे भावुक

तेज बारिश और वीकेंड के भारी ट्रैफिक के बीच एक परिवार का बेहद प्यारा पालतू डॉग अचानक लापता हो गया। परिवार के सदस्यों ने पूरी रात शहर की गलियों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार अगली सुबह एक डिलीवरी कर्मी की सच्ची इंसानियत और जिम्मेदारी के कारण वह बेजुबान सुरक्षित अपने परिवार के पास लौट आया। बेंगलुरु के ब्लिंकिट (Blinkit) डिलीवरी पार्टनर सागर सागु के इस निस्वार्थ प्रेम और दरियादिली की कहानी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। डॉग को रात भर अपने घर में सुरक्षित रखने और सुबह मालिक को सौंपने के बाद सागर ने किसी भी तरह का इनाम या पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया।
इस दिल छू लेने वाली घटना को पालतू डॉग के मालिक विन पलाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन (LinkedIn) पर साझा किया है। उन्होंने बताया कि उनकी पालतू फीमेल डॉग ‘ज़ेना’ (Xena) स्वभाव से काफी शर्मीली है और अजनबियों को देखकर थोड़ा डर जाती है। पिछले शनिवार की रात बेंगलुरु में जब मूसलाधार बारिश हो रही थी, तभी गली के आवारा कुत्तों के पीछे पड़ने से ज़ेना बुरी तरह घबरा गई और डर के मारे घर से भाग निकली। रात के अंधेरे, खराब मौसम और मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार ट्रैफिक के बीच ज़ेना की सुरक्षा को लेकर पूरा परिवार गहरे सदमे में आ गया। विन और उनके परिजनों ने इंदिरानगर की गलियों में घंटों तक तलाश की, लेकिन ज़ेना का कहीं पता नहीं चला।
पूरी रात बेचैनी और चिंता में बिताने के बाद अगली सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘रेडिट’ (Reddit) की एक पोस्ट से उम्मीद की किरण जगी। इस पोस्ट में किसी यूजर ने जानकारी दी थी कि ज़ेना को इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास देखा गया है। खबर मिलते ही विन तुरंत उस इलाके में पहुंचे और तलाश शुरू की। इसी दौरान एक स्थानीय सुरक्षा गार्ड ने उन्हें बताया कि ब्लिंकिट के एक डिलीवरी बॉय को वह डॉग मिला है और उसने कहा है कि यदि कोई इसे ढूंढता हुआ आए, तो उसे सीएमएच (CMH) रोड स्थित कंपनी के ऑफिस भेज दिया जाए।
गार्ड से मिली जानकारी के आधार पर विन तुरंत सीएमएच रोड स्थित ब्लिंकिट ऑफिस पहुंचे, जहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उनकी मुलाकात सागर सागु से करवाई। विन को पता चला कि शनिवार रात बारिश और ठंड में डर से कांप रही ज़ेना को सागर ने सड़क से सुरक्षित उठाया था। किसी अनहोनी से बचाने के लिए सागर उसे अपने घर ले गए और पूरी रात बड़े प्यार से उसकी देखभाल की। अगली सुबह ड्यूटी पर आते समय वह ज़ेना को अपने साथ ऑफिस ले आए। अपने प्यारे पालतू सदस्य को सुरक्षित पाकर भावुक हुए परिवार ने जब सागर को आभार स्वरूप कुछ नकद राशि और उपहार देने की पेशकश की, तो उन्होंने पूरी विनम्रता के साथ इसे लेने से मना कर दिया।
विन ने अपनी लिंक्डइन पोस्ट में सागर की सराहना करते हुए लिखा कि सागर ने केवल मदद करने की सच्ची भावना से यह नेक काम किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब चारों तरफ नकारात्मक खबरें सुनने को मिलती हैं, तो ऐसी सकारात्मक और इंसानियत भरी कहानी सभी के साथ साझा करना जरूरी है। ब्लिंकिट की सीएमएच रोड टीम को धन्यवाद देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी सागर जैसे बेहतरीन इंसान को उचित सम्मान देगी। विन के परिवार के लिए सागर की यह संवेदनशीलता केवल एक डॉग को बचाने की घटना नहीं, बल्कि परिवार के एक अहम सदस्य को वापस लौटाने जैसा है।







