क्या दिसंबर में वतन लौटेंगी शेख हसीना? पेट्रापोल में अवामी नेताओं की हलचल से सनसनी!

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के आगामी दिसंबर महीने में देश लौटने की घोषणा के बाद से सीमावर्ती इलाकों और राजनीतिक हलकों में नई हलचल मच गई है। मिली जानकारी के अनुसार, वह सड़क मार्ग से उत्तर 24 परगना के बनगांव स्थित पेट्रापोल भूमि बंदरगाह के रास्ते बांग्लादेश में प्रवेश कर सकती हैं। इसी बीच रविवार को अवामी लीग के तीन नेताओं के अचानक पेट्रापोल बंदरगाह पहुंचने से मामले में नया पहलू जुड़ गया है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया ने हसीना की देश वापसी के पक्ष में जोरदार आवाज उठाई है।
अवामी लीग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, शेख हसीना कोलकाता हवाई अड्डे से सड़क मार्ग के जरिए राष्ट्रीय राजमार्ग 112 यानी जेसोर रोड होते हुए बनगांव के रास्ते पेट्रापोल बंदरगाह पहुंचकर बांग्लादेश जा सकती हैं। गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में अवामी लीग के नेतृत्व वाली शेख हसीना सरकार के पतन के बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा था। देश छोड़ने के बाद से उनके नई दिल्ली में होने की चर्चा रही है, हालांकि भारत के विदेश मंत्रालय ने उनके ठिकाने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी बाहर नहीं दी है। दो साल से अधिक समय तक वह लगभग अज्ञातवास में रहीं, लेकिन हाल ही में उनके दिसंबर में लौटने की बात सामने आने के बाद बांग्लादेश में नए सिरे से तनाव और चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सरकार जाने के बाद अवामी लीग के कई वरिष्ठ नेताओं ने कोलकाता में शरण ली थी। रविवार को उन्हीं नेताओं में से तीन नेता अचानक पेट्रापोल बंदरगाह पहुंचे। हालांकि, वे गाड़ी से बाहर नहीं निकले और बंदरगाह परिसर में कुछ मिनट रुकने के बाद गाड़ी घुमाकर वापस कोलकाता लौट गए। सीमा पर अवामी लीग नेताओं की इस संक्षिप्त और अचानक गतिविधि को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
दूसरी ओर, बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर कथित हमलों के विरोध और वहां जेल में बंद चिन्मय दास महाराज की रिहाई की मांग को लेकर रविवार को पेट्रापोल बंदरगाह के पास मतुआ महासंघ सहित कई सनातनी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में बनगांव उत्तर के विधायक एवं राज्य के खाद्य मंत्री अशोक कीर्तनिया के साथ बनगांव दक्षिण के विधायक स्वपन मजूमदार भी शामिल हुए। मंच से दोनों नेताओं ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की कड़ी आलोचना की और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी पर जोर दिया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मंत्री अशोक कीर्तनिया ने कहा कि बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस ने जिहादियों की सरकार चलाई थी और अब तारिक रहमान भी उसी रास्ते पर चलते हुए जिहादी व कट्टरपंथी तत्वों के साथ सरकार चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां सनातन हिंदुओं पर अत्याचार शुरू हुआ है। तारिक रहमान को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक वोट से जीतकर लोकतांत्रिक तरीके से सभी धर्मों की रक्षा की जानी चाहिए, अन्यथा दुनिया भर के सनातनी समाज के लोग उन्हें माफ नहीं करेंगे। उन्होंने मांग की कि शेख हसीना बांग्लादेश लौटें, अल्पसंख्यकों के साथ खड़ी हों और लोकतंत्र समर्थक लोग एकजुट होकर उनका स्वागत करें।
विधायक स्वपन मजूमदार ने कहा कि शेख हसीना लोकतांत्रिक रूप से जीतकर प्रधानमंत्री बनी थीं, लेकिन उन्हें जबरन देश छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने चिन्मय दास महाराज के खिलाफ लगे आरोपों पर सवाल उठाते हुए उनकी रिहाई की मांग की और कहा कि हसीना के समर्थन में उठने वाले जनसैलाब के आगे कट्टरपंथी ताकतें टिक नहीं पाएंगी। इस बीच हसीना की वापसी की खबरों से अवामी लीग समर्थकों में उत्साह दिख रहा है। नड़ाइल समेत कुछ जगहों पर अल्पसंख्यकों के घरों व संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की खबरों के बीच गोपालगंज में बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान की समाधि स्थल के जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत और ढाका विश्वविद्यालय में ‘बंगबंधु प्रवेश द्वार’ खोले जाने जैसी घटनाओं ने भी हालात को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।







