अनंत अंबानी के वीडियो पर बवाल! इन्फ्लुएंसर को शाहरुख का कानूनी नोटिस, ४८ घंटे की मोहलत

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान कानूनी विवाद में आ गए हैं। कारोबारी अनंत अंबानी के साथ बातचीत के एक दृश्य को लेकर भ्रामक दावा फैलाने के आरोप में अभिनेता ने एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को कानूनी नोटिस भेजा है। विवादित वीडियो हटाने सहित कई निर्देशों का पालन करने के लिए संबंधित व्यक्ति को ४८ घंटे का समय दिया गया है।
सुविज्ञ शर्मा नाम के इस कंटेंट क्रिएटर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा रील में आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के साथ अनंत अंबानी की बातचीत के दृश्य के साथ शाहरुख और अनंत का एक अलग वीडियो जोड़ा गया था। उसमें यह दावा किया गया कि बातचीत के दौरान शाहरुख को चुप रहने के लिए कहा गया था। अभिनेता के वकीलों का कहना है कि यह दावा पूरी तरह निराधार है और वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में भी घटना का वास्तविक संदर्भ गलत तरीके से पेश किया गया है।
२३ नवंबर को भेजे गए नोटिस में शाहरुख के वकीलों ने उस पोस्ट को दुर्भावनापूर्ण, भ्रामक और मानहानिकर बताया है। भारतीय न्याय संहिता की धारा ३५६ का हवाला देते हुए उनका कहना है कि उचित आधार के बिना किसी व्यक्ति के खिलाफ प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली जानकारी फैलाना कानूनी रूप से स्वीकार्य नहीं है।
नोटिस में पांच निर्देश दिए गए हैं। विवादित रील को तुरंत हटाने, उसी दावे को दोबारा न फैलाने और वीडियो के साथ जुड़े भ्रामक कैप्शन को सुधारने या हटाने को कहा गया है। इसके साथ ही मूल वीडियो और प्रकाशन से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा ४८ घंटे के भीतर निर्देशों के पालन पर लिखित जवाब देने की मांग की गई है।
दूसरी ओर, नोटिस मिलने के बाद एक अन्य वीडियो जारी कर सुविज्ञ ने शाहरुख की आपत्ति पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वीडियो पर टिप्पणी करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में आता है और उन्होंने आरोपों की तार्किकता पर भी सवाल किया है। शाहरुख और अनंत अंबानी की बातचीत का वह अंश सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है, लेकिन अभिनेता के वकीलों का स्पष्ट रुख है कि जिस तरह इसे दिखाया गया है, वह असली घटना से मेल नहीं खाता और उनकी छवि को प्रभावित कर सकता है।







