कार्यक्रम से लौटते वक्त सड़क हादसे में घायल भाजपा सांसद! रायपुर में हड़कंप

कार्यक्रम से लौटते समय सड़क दुर्घटना में भाजपा सांसद घायल हो गईं। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में भाजपा की राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और उनके वाहन चालक घायल हुए। उनकी कार की टक्कर दूसरे वाहन से हो गई। बीते शाम को बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग पर यह घटना हुई। घटनास्थल खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। एक अधिकारी ने बताया कि सांसद बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक कार्यक्रम से लौट रही थीं। उस वाहन में सांसद के पुत्र और एक सुरक्षाकर्मी भी सवार थे।
उस अधिकारी ने बताया कि सड़क हादसे में 59 वर्षीय भाजपा नेता और उनके चालक घायल हो गए। इसके अलावा दूसरे वाहन में सवार तीन यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया और वर्मा को रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में स्थानांतरित किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
एम्स के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि वर्मा के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर आया है और उनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर चिंता व्यक्त की और वर्मा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।







