देश की खबरें

एयरो इंडिया 2027 में उड़ान भरेगा तेजस एमके-1ए! बेंगलुरु में दिखाएगा दम

भारत की स्वदेशी तकनीक से निर्मित लड़ाकू विमान तेजस एमके-1ए एयरो इंडिया 2027 में आकाश में उड़ेगा। बेंगलुरु के येलहंका वायुसेना स्टेशन में फरवरी महीने में आयोजित इस एयर शो में विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेगा। इसी दौरान तेजस एमके-1ए विमानों की आपूर्ति और उन्हें वायुसेना में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू होगी। इस लिहाज से भारत के स्वदेशी तेजस एमके-1ए लड़ाकू विमान कार्यक्रम के लिए एयरो इंडिया एक अहम मंच बन सकता है।

एयरो इंडिया की तैयारियों के बीच नौसेना दिवस के बाद दिल्ली में राजदूतों के साथ एक गोलमेज बैठक की योजना बनाई गई है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस सम्मेलन में रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन एस राजा सुब्रमणि और तीनों सशस्त्र बलों के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे।

लगभग 100 से 150 देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और राजनयिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस बैठक का उद्देश्य वैश्विक रक्षा साझेदारों को एयरो इंडिया 2027 में भाग लेने के लिए आमंत्रित करना है, ताकि वे अपनी सैन्य क्षमता और तकनीक प्रदर्शित कर सकें।

एयरो इंडिया में अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस, जर्मनी और इटली जैसे प्रमुख देशों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा। भारत के पड़ोसी देशों को भी इसमें न्योता भेजा जाएगा। बदलते वैश्विक हालात और रक्षा क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच एयरो इंडिया भारत की सैन्य ताकत, स्वदेशी उपकरणों और रक्षा उद्योग को सामने रखने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

बीती एयरो इंडिया प्रदर्शनी में वर्ष 2025 में तेजस एमके-1ए विमानों ने उड़ान भरी थी। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के अनुसार चार एमके-1ए विमान योद्धा फॉर्मेशन में और तीन एलसीए-एमके1ए विमान भीम फॉर्मेशन में आकाश में उड़े थे। उस समय विमान प्रोटोटाइप और उत्पादन चरण में थे। विभिन्न सूत्रों के मुताबिक 2027 के एयर शो में तेजस एमके-1ए की उड़ान बेहद खास होगी, क्योंकि तब तक वायुसेना में इन्हें शामिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

Back to top button