दार्जिलिंग की भीड़ भूल जाइए! बादलों के बीच बसा यह शांत गांव छुट्टियों के लिए क्यों है खास?

दार्जिलिंग का नाम आते ही मॉल रोड की भीड़, केवेंटर्स के बाहर लंबी कतारें और टाइगर हिल पर सूर्योदय देखने के लिए उमड़ने वाली भीड़ की तस्वीर सामने आ जाती है। सालों-साल एक ही जगह घूमने जाने से कई लोगों को अब वह जाना-पहचाना अनुभव थोड़ा नीरस लगने लगा है। अगर आप पहाड़ों पर छुट्टियां बिताने जाएं और भीड़, जाम तथा शहरी शोरगुल से दूर रहना चाहते हैं, तो इस बार अपनी मंजिल बदल लीजिए। चले जाइए बादलों की दुनिया में, जहां सुबह की नींद पक्षियों की चहचहाहट से खुलेगी, खिड़की के बाहर बादल तैरते नजर आएंगे और सामने शानदार कंचनजंघा दिखाई देगी। पहाड़ों की इस शांत और खूबसूरत जगह का नाम टोंग्लू है।
दार्जिलिंग के पास बसा यह कम चर्चित पहाड़ी गांव प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। समुद्र तल से लगभग 10,130 फीट की ऊंचाई पर स्थित टोंग्लू संदकफू जाने वाले मार्ग का एक बेहद आकर्षक पड़ाव है। मानेभंजन से संदकफू के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए इस छोटे से पहाड़ी गांव तक पहुंचा जा सकता है। दार्जिलिंग से इसकी दूरी करीब 35 किलोमीटर है। यहां पहुंचने के बाद ऐसा लगता है मानो व्यस्त शहरी दुनिया से बहुत दूर बादलों के देश में आ गए हों।
टोंग्लू आने का सबसे बड़ा आकर्षण यहां से दिखने वाला कंचनजंघा का मनमोहक दृश्य है। मौसम साफ रहने पर यहां से हिमालय की विस्तृत पर्वत श्रृंखला का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। भोर की रोशनी में बर्फ से ढकी चोटियों पर जब सूरज की पहली सुनहरी किरणें पड़ती हैं, तो पूरा माहौल बेहद आकर्षक हो जाता है। यहां से प्रसिद्ध स्लीपिंग बुद्धा की आकृति भी नजर आती है और साफ मौसम में दूर स्थित एवरेस्ट शिखर भी दिख सकता है। टोंग्लू की असली खूबसूरती बादलों के बदलते खेल में छिपी है। कभी पहाड़ों की ढलानों पर सफेद बादलों की चादर दिखती है, तो कभी आंखों के सामने बादलों का समंदर नजर आता है। सुबह धूप, दोपहर में बादल और शाम को घना कोहरा, प्रकृति के इस बदलाव का सैलानी खूब आनंद लेते हैं। चारों तरफ फैले पाइन और रोडोडेंड्रोन के पेड़ों के बीच चलते हुए ऐसा महसूस होता है जैसे किसी शांत दुनिया में आ गए हों।
दार्जिलिंग जैसी गाड़ियों के हॉर्न, ट्रैफिक जाम या होटलों की भीड़ यहां नहीं मिलती। यहां केवल पहाड़ी हवा की आवाज, अनजानी चिड़ियों की चहचहाहट और प्रकृति की अपनी लय सुनाई देती है। शाम ढलते ही आसमान में असंख्य तारे जगमगाने लगते हैं। शहरी रोशनी के प्रदूषण से दूर होने के कारण रात का आसमान भी बेहद साफ और सुंदर दिखता है। जो लोग शांति और एकांत में कुछ दिन बिताना चाहते हैं, उनके लिए टोंग्लू एक बेहतरीन विकल्प है। पहाड़ों पर ट्रेकिंग पसंद करने वालों के लिए भी यह जगह खास है। मानेभंजन से पैदल चलकर टोंग्लू पहुंचा जा सकता है। रास्ते के दोनों ओर पहाड़ी जंगल, घाटियां और बादलों की आवाजाही ट्रेकिंग के अनुभव को और यादगार बना देती है। हालांकि ऊंचाई और मौसम को ध्यान में रखकर पूरी तैयारी के साथ ही यात्रा करनी चाहिए।
टोंग्लू पहुंचने के लिए कोलकाता या दक्षिण बंगाल के किसी भी हिस्से से तीन रास्ते उपलब्ध हैं। हवाई मार्ग से आना हो तो बागडोगरा हवाई अड्डा, ट्रेन से आना हो तो न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन या सिलीगुड़ी जंक्शन, और बस से सफर करना हो तो सरकारी या निजी बस के जरिए सीधे सिलीगुड़ी तेनजिंग नोर्गे बस टर्मिनस पहुंचा जा सकता है। इसके बाद सिलीगुड़ी या न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से वाहन किराए पर लेकर मानेभंजन जाना होता है, जो सिलीगुड़ी से करीब 80 किलोमीटर दूर है। मानेभंजन से स्थानीय लैंड रोवर या उपयुक्त चार पहिया वाहन से टोंग्लू जाया जा सकता है, जबकि अनुभवी गाइड के साथ ट्रेकिंग करके भी यहां पहुंचा जा सकता है।
टोंग्लू में ठहरने के लिए सीमित संख्या में ट्रेकर्स हट और होमस्टे मौजूद हैं। पहाड़ों के बीच साधारण लेकिन मनमोहक माहौल में रहने का मौका मिलता है। होमस्टे में स्थानीय पहाड़ी भोजन, गर्म चावल, दाल, सब्जी और आत्मीय मेहमाननवाजी का अनुभव मिलता है। रहने की जगह सीमित होने के कारण पहले से बुकिंग कराना समझदारी भरा कदम रहता है। अक्टूबर से दिसंबर और मार्च से मई का समय टोंग्लू घूमने के लिए काफी लोकप्रिय माना जाता है। सर्दियों में तापमान काफी गिर जाता है और अनुकूल मौसम में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। मानसून के दौरान तेज बारिश, कोहरे और पहाड़ी सड़कों की स्थिति के कारण सफर में दिक्कत आ सकती है। इसलिए इस बार छुट्टियों में जानी-पहचानी भीड़ से निकलकर टोंग्लू का रुख किया जा सकता है।







