ताजा खबरदेश की खबरें

१८ नवंबर को आया नाम, ठीक एक साल बाद खात्मा! कुलगाम में कैसे घिरा आतंकी?

१८ नवंबर २०२५ को केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के हाथ एक नाम आया था, मोहम्मद लतीफ भट। उस समय उसकी उम्र बमुश्किल २१ साल से कुछ ही ऊपर थी। जानकारी मिली कि कश्मीर का यह युवक पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ गया है और पहलगाम में हमला करने वाले लश्कर के मुखौटा संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट यानी टीआरएफ की अहम जिम्मेदारी उसे सौंपी गई है। खुफिया एजेंसियों को अंदाजा हुआ कि कड़ी सुरक्षा के चलते सीमा पार से आतंकी भेजने में नाकाम रहने के बाद हाफिज सईद का नेटवर्क स्थानीय युवक के जरिए कश्मीर में नई साजिश रच रहा है। समय के अजब संयोग में ठीक एक साल बाद, १८ नवंबर २०२६ को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के जंगलपोरा गांव में रातभर चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद हुई एक छोटी मुठभेड़ में मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। सुबह की रोशनी फैलते ही गांव की सीमेंटेड संकरी सड़क पर उसका शव मिला। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, वह उस समय दक्षिण कश्मीर में सक्रिय इकलौता आतंकी सरगना था।

कुलगाम शहर से करीब छह किलोमीटर दूर खेरवान चद्दर गांव में २००२ में लतीफ का जन्म हुआ था। उसके पिता मुश्ताक अहमद भट बढ़ई का काम करते थे, लेकिन वे नहीं चाहते थे कि बेटा इस पेशे में आए। इसलिए स्थानीय अंग्रेजी माध्यम के प्राइमरी स्कूल के बाद उन्होंने उसे पास के कस्बे आस्मोज के गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में दाखिला दिलाया। पढ़ाई में बेहद होशियार न होने के बावजूद वह कमजोर छात्र भी नहीं था। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने स्नातक के लिए कुलगाम के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में प्रवेश लिया।

साल २०२१ में शुरुआती कुछ दिन तो सब सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद लतीफ में बदलाव दिखने लगा। सूत्रों के अनुसार, आम युवाओं की तरह आगे बढ़ रहा लतीफ अचानक खामोश रहने लगा और एक साल पूरे होने से पहले ही पढ़ाई छोड़ दी। परिवार की बातों को नजरअंदाज कर उसने बढ़ई का काम सीखना शुरू किया, लेकिन अपने पिता के पास नहीं बल्कि किसी अन्य व्यक्ति के पास। इसके साथ ही उसने दरवाजों और खिड़कियों में शीशा लगाने का काम भी सीख लिया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह अपनी कमाई घरवालों को नहीं देता था बल्कि अपने पास रखकर अपने ही कामों में खर्च करता था।

कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनायत अली चौधरी ने बताया कि लतीफ किसी के संपर्क में आकर नहीं बल्कि खुद ही विभिन्न किताबें पढ़कर और वेबसाइट देखकर कट्टरपंथ की ओर झुका था। उनके शब्दों में, लतीफ एक सेल्फ रेडिकलाइज्ड टेररिस्ट था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसी दौर में वह किसी आतंकी संगठन से जुड़ने की कोशिश में जुट गया। काफी प्रयास के बाद उसकी पहचान टीआरएफ के एक नेता सज्जाद गुल और उस वक्त कश्मीर में सक्रिय लश्कर कमांडर जाकिर अहमद गनई से हुई। जिस मुठभेड़ में जाकिर मारा गया, वहां से लतीफ बाल-बाल निकल भागा था। खुफिया सूत्रों का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद घाटी में लश्कर जैसे संगठन नेतृत्व और ढांचे को संभालने में जूझ रहे थे, ऐसे में स्थानीय युवक लतीफ को आगे कर सज्जाद गुल के बजाय टीआरएफ की जिम्मेदारी उसे दी गई। जिम्मेदारी मिलते ही वह बड़ी वारदात कर शीर्ष नेतृत्व को दिखाने की जल्दबाजी में आ गया और तेजी से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर आ गया। एसएसपी अनायत अली के अनुसार, सीमा पार से सीधे निर्देश मिलते थे और पर्यटकों पर हमले कर कश्मीर की शांति व अर्थव्यवस्था को निशाना बनाने की योजना थी। कई बार बच निकलने के बाद बुधवार को वह बच नहीं सका और एक साल की गतिविधियों का अंत हो गया।

Back to top button