कोलकाता मेडिकल कॉलेज में बवाल, वामपंथियों को कोसते हुए सीएम की सख्त चेतावनी

कोलकाता मेडिकल कॉलेज परिसर में हालिया अशांति और तनाव को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। आठ इंटर्न डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के विरोध में अस्पताल परिसर में बार-बार विरोध प्रदर्शन और हंगामे की स्थिति बनी। मुख्यमंत्री ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे वामपंथियों की भूमिका होने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ने पर पुलिस महज कुछ सेकंड में पहुंचकर हालात को काबू में कर लेगी।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी स्वास्थ्य मंत्री से बातचीत हुई है और पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कॉलेज के प्रिंसिपल प्रशासनिक स्तर पर जो भी मदद मांगेंगे, सरकार हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मेडिकल कॉलेज कम्युनिस्टों द्वारा अराजकता फैलाने का मंच नहीं है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यदि प्रबंधन पुलिस की मदद मांगता है, तो पुलिस को पहुंचने में कुछ ही सेकंड लगेंगे और वह जो भी जरूरी होगा, वह कार्रवाई करेगी। वामपंथियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने का दम न होने के कारण वे बुकस्टॉल को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
इस विवाद की पृष्ठभूमि दुर्गा पूजा की सप्तमी के दिन चोराबागान में दर्शन के दौरान मची भगदड़ में उन्नीस लोगों की मौत से जुड़ी है। मृतकों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज लाया गया था, जिसके बाद जूनियर डॉक्टरों के एक वर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि शताब्दी पुराने इस अस्पताल में बुनियादी ढांचे की कमी है और बड़े हादसे के वक्त आपातकालीन उपचार देने की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद नहीं है।
ड्यूटी के दौरान मीडिया के समक्ष इस तरह की टिप्पणी को अनुशासनहीनता मानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को आठ जूनियर डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके विरोध में बुधवार सुबह से ही कोलकाता मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर प्रदर्शन पर उतर आए। उनकी मांग थी कि यह स्पष्ट किया जाए कि किस आधार पर यह शोकॉज नोटिस दिया गया है।
इंटर्न डॉक्टरों ने कहा कि जांच समिति की जिस सिफारिश के आधार पर उनके आठ साथियों को नोटिस मिला है, उस समिति की रिपोर्ट उन्हें दिखाई जानी चाहिए। इसके बाद कोलकाता मेडिकल कॉलेज काउंसिल की बैठक हुई। बुधवार रात दोबारा पत्रकार वार्ता कर इंटर्न डॉक्टरों ने दावा किया कि कॉलेज के सुपरिटेंडेंट ने उन्हें बताया है कि केवल स्वास्थ्य भवन के निर्देश पर ही शोकॉज किया गया है और उच्च अधिकारियों के दबाव में यह कदम उठाना पड़ा।
इसी बीच छात्रों ने प्रिंसिपल के कक्ष के बाहर लगातार धरना और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रिंसिपल को घेरने पर आपत्ति जताते हुए एबीवीपी के छात्रों के साथ टकराव की स्थिति भी बनी। कुल मिलाकर प्रदर्शन, जवाबी विरोध और आरोप-प्रत्यारोप के बीच कोलकाता मेडिकल कॉलेज का माहौल गरमाया हुआ है।







