सर्दियों के हरे साग को लंबे समय तक कैसे रखें फ्रेश? पेपर टॉवल से लेकर सही स्टोरेज टिप्स

पालक, बथुआ और मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां सर्दियों के मौसम में सुपरफूड मानी जाती हैं। हालांकि, इनके साथ एक बड़ी समस्या यह है कि फ्रिज में रखने के बावजूद ये काफी जल्दी खराब या गल जाती हैं। यदि आप इन्हें सही तरीके से स्टोर करने का असरदार तरीका तलाश रहे हैं, तो कुछ आसान उपाय काफी मददगार साबित हो सकते हैं।
पेपर टॉवल का इस्तेमाल: पालक या लेट्यूस जैसी पत्तियों को समय से पहले खराब होने से बचाने के लिए पेपर टॉवल का तरीका अपनाया जा सकता है। सबसे पहले पत्तियों में से सड़ी, गली या खराब पत्तियों को छांटकर अलग कर दें। इसके बाद किसी डिब्बे या कंटेनर में दो पेपर टॉवल बिछाकर उसमें साग को अच्छी तरह लपेटकर रखें। पेपर टॉवल अतिरिक्त नमी सोख लेता है और पत्तियों को सड़ने से बचाता है। ध्यान रखें कि पेपर टॉवल ज्यादा गीला हो जाए तो उसे बदलकर नया पेपर टॉवल लगा दें।
धोने के बाद अच्छी तरह सुखाएं: कई लोगों की आदत होती है कि वे बाजार से सब्जी लाने के तुरंत बाद उसे धोकर सीधे फ्रिज में रख देते हैं। इससे पत्तियों पर पानी रह जाता है और साग जल्दी खराब होने लगता है। इसलिए फ्रिज में रखने से पहले पत्तियों का पूरी तरह सूख जाना जरूरी है।
हवा निकलने वाली जगह या बैग चुनें: साग को पूरी तरह एयरटाइट कंटेनर में रखने के बजाय ऐसी थैली या जालीदार बैग में रखें जिसमें हवा का आना-जाना हो सके। छेद वाले प्लास्टिक बैग या सूती कपड़े के थैले का उपयोग करने से अतिरिक्त नमी नहीं जमती और हरी सब्जियां लंबे समय तक ताजा बनी रहती हैं।
जड़ या डंठल का हिस्सा काटें: यदि आपके पास अधिक मात्रा में साग है, तो फ्रिज में रखने से पहले उसका निचला या जड़ वाला हिस्सा काट लेना उचित रहता है। साथ ही पीली या खराब हो चुकी पत्तियों को हटा देने से बाकी हिस्सा ज्यादा दिनों तक सुरक्षित रहता है।
काटकर स्टोर करने का तरीका: चाहें तो साग को काटकर भी फ्रिज में रखा जा सकता है, हालांकि इसमें थोड़ा अधिक समय लगता है। पहले साग को अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें और फिर इच्छानुसार काट लें। एक डिब्बे में पेपर टॉवल या सूती कपड़ा बिछाकर उस पर कटा हुआ साग रखें और ढक्कन बंद कर दें। यह अतिरिक्त नमी सोखकर साग को लंबे समय तक ताजा रखता है।
सेहत के लिहाज से भी यह साग काफी फायदेमंद हैं। पालक में शरीर के लिए जरूरी खनिज तत्व और पोटेशियम मौजूद होते हैं। पोटेशियम से भरपूर आहार रक्तचाप को नियंत्रित रखने में मदद करता है। इसके अलावा पालक ल्यूटिन का बेहतरीन स्रोत है, जो एक एंटी-ऑक्सीडेंट है और उम्र से जुड़ी आंखों की समस्याओं जैसे मैक्यूलर डिजनरेशन और मोतियाबिंद से बचाव में सहायक माना जाता है। अध्ययनों में भी ल्यूटिन लेने से मैक्यूलर डिजनरेशन का जोखिम कम होने की बात सामने आई है। वहीं, मेथी का साग ब्लड शुगर के स्तर और ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म को संतुलित रखने में मदद करता है, लेकिन यह डायबिटीज की दवा का विकल्प नहीं है।







