मनोरंजन

गर्ल्स नाइट में कियारा आडवाणी का खास अंदाज! क्या करती दिखीं अभिनेत्री?

दूसरी बार मातृत्व का अनुभव कर रही हैं बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी। हालांकि इसके बीच भी वह दोस्तों के साथ अपने अंदाज में समय बिताना नहीं भूल रही हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उन्होंने अपनी गर्ल्स नाइट की कुछ झलकियां साझा की हैं और उस आयोजन में एक अलग ही आकर्षण देखने को मिला।

बेडैजलिंग किसी सामान्य वस्तु को मोतियों, रंगीन पत्थरों, सीक्विन, ग्लिटर या चमकदार सजावटी सामान से सजाकर आकर्षक बनाने की एक रचनात्मक कला है। कपड़े, बैग, जूते, मोबाइल कवर से लेकर घर सजाने के विभिन्न सामानों में भी इस तरीके का इस्तेमाल किया जा सकता है। अपनी पसंद के रंग, डिजाइन और सामग्री चुनकर पुरानी या साधारण चीज को नया रूप दिया जा सकता है। आजकल डीआईवाई या डू इट योरसेल्फ चलन के साथ बेडैजलिंग लोकप्रिय हो रहा है। यह केवल सजावट का काम नहीं, बल्कि खाली समय बिताने का एक दिलचस्प रचनात्मक जरिया भी है।

आमतौर पर सितारों की गर्ल्स नाइट का मतलब भव्य पार्टी, चमकदार परिधान और बड़ा आयोजन होता है। लेकिन कियारा की यह शाम बिल्कुल अलग रही। वहां पार्टी के दिखावे के बजाय रचनात्मकता, हाथों के काम और सजावट की सामग्रियों को महत्व मिला। इंस्टाग्राम स्टोरी में साझा तस्वीरों में दिखा कि एक बड़ी मेज को खूबसूरती से सजाया गया है और हर किसी के लिए अलग बैठने की जगह व नाम लिखा कार्ड रखा गया है। कियारा के अलावा वहां उनकी सहेलियां अनीषा, नादिया, इशिता और करीना मौजूद थीं। सभी के लिए गुलाबी रंग के खास गिफ्ट बैग रखे गए थे, जिन पर सुंदर बो की सजावट भी थी।

हालांकि सिर्फ बातचीत ही नहीं, इस गर्ल्स नाइट की खास बात अपने हाथों से चीजें सजाना रही। मेज पर रंग-बिरंगे मोती, छोटे पत्थर, चमकदार सीक्विन और गहने बनाने के सामान फैले थे। एक वीडियो में दिखा कि उन्होंने एक छोटे पोर्टेबल फैन को भी रंगीन चमकदार अंदाज में सजाया है। पूरा आयोजन मानो रचनात्मकता की एक छोटी कार्यशाला हो। वीडियो के साथ कियारा ने लिखा कि वह बेडैजलिंग को लेकर दीवानी हैं, यानी चमकदार सजावट से चीजें संवारने में वह मशगूल हैं। बैकग्राउंड में बेडैजल इट – ओह माई सॉन्ग सुनाई दिया।

मातृत्व के दौरान कुछ शारीरिक सीमाएं रहती हैं और मानसिक रूप से भी हार्मोनल बदलावों के कारण मूड अच्छा रखने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाने पड़ते हैं। ऐसे में रचनात्मक गतिविधियों से दोस्तों के साथ वक्त बिताकर मन खुश होता है और कुछ नया करने की खुशी भी मिलती है।

Back to top button