ताजा खबर

“आसपास ही रहूंगा, पकड़ नहीं पाओगे!” प्रेमिका की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके ही फोन से भाई को भेजा चैलेंजिंग मैसेज

कोलकाता के बरानगर इलाके में मंगलवार को एक 26 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या किए जाने की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। मृतका की पहचान अंजलि साउ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से डनलप की रहने वाली थी। पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम अंजलि बरानगर थाने के 17वें वार्ड के अंतर्गत शीतलामता लेन में स्थित अपनी बहन और बहनोई के एक खाली फ्लैट में गई थी। काफी देर तक जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवती का खून से लथपथ शव बरामद किया। अंजलि के गले, चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियारों के गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।

इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस का मानना है कि इस जघन्य अपराध के पीछे मृतका का कोई करीबी या प्रेमी ही शामिल है। मृतका के भाई शिवम साउ ने एक बहुत ही चौंकाने वाला दावा किया है। शिवम का कहना है कि हत्यारे ने अंजलि की हत्या करने के बाद केवल उसका मोबाइल फोन और पर्स ही नहीं चुराया, बल्कि उसके शरीर पर पहने हुए कान के झुमके, अंगूठी और अन्य कीमती गहने भी उतार कर ले गया। भाई का दावा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कुछ समय के लिए अंजलि का फोन ऑन किया था। जब शिवम ने उस नंबर पर फोन किया, तो कॉल उठाने के बजाय आरोपी ने उसी फोन से शिवम को व्हाट्सएप पर एक बेहद बेखौफ और धमकी भरा मैसेज भेजा।

आरोपी ने मैसेज में दुस्साहस दिखाते हुए लिखा, ‘जो जानना है अभी जान लो, थोड़ी देर बाद फोन स्विच ऑफ कर दूंगा।’ इसके आगे आरोपी ने लिखा, ‘मैं तुम्हारे आसपास ही रहूंगा, लेकिन कोई मुझे पकड़ नहीं पाएगा।’ भाई शिवम का कहना है कि उनकी बहन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में भारी रोष और दहशत का माहौल है। आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय विधायक सजल घोष ने बरानगर थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। पुलिस ने विधायक को जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पुलिस हत्यारे की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Back to top button